गणतंत्र दिवस पर 25 से 27 जनवरी तक आम लोगों के लिए खुलेगा भोपाल का लोकभवन, “राजभवन से लोकभवन” विषय पर प्रदर्शनी, जानिए समय और रूट

लोकभवन को आम नागरिकों के लिए खोलने का उद्देश्य जनता को लोकतांत्रिक संस्थानों और संवैधानिक मूल्यों से सीधे जोड़ना है। तीन दिन तक चलने वाले इस आयोजन में नागरिक लोकभवन की ऐतिहासिक और प्रशासनिक विरासत, स्थापत्य सौंदर्य और विशेष सजावट को नज़दीक से देख सकेंगे। साथ ही केंद्र और राज्य सरकार की प्रदर्शनियों एवं लघु फिल्मों का प्रदर्शन भी किया जाएगा।
Lok Bhavan

Lok Bhavan Bhopal

गणतंत्र दिवस के उत्सव को और यादगार बनाने के लिए मध्यप्रदेश के राज्यपाल मंगुभाई पटेल के निर्देश पर लोकभवन को आम नागरिकों के लिए तीन दिनों तक खोला जा रहा है। 25 जनवरी से 27 जनवरी तक भोपाल स्थित यह ऐतिहासिक भवन अपनी भव्यता, प्राकृतिक सौंदर्य और विशेष सजावट के साथ जनता के लिए खुला रहेगा।

इस तीन दिनों के दौरान आम नागरिक लोकभवन की ऐतिहासिक विरासत, स्थापत्य सौंदर्य, प्राकृतिक वातावरण और विशेष सजावट को निकट से देख सकेंगे। राज्यपाल के प्रमुख सचिव डॉ. नवनीत मोहन कोठारी ने जानकारी देते हुए बताया कि लोकभवन भ्रमण का उद्देश्य नागरिकों को लोकतांत्रिक मूल्यों और संवैधानिक परंपराओं से प्रत्यक्ष रूप से जोड़ना है, जिससे संविधान के प्रति सम्मान और गौरव की भावना और अधिक सुदृढ़ हो सके। इसी के साथ उन्होने समस्त नागरिकों से आग्रह किया है कि वे लोकभवन का भ्रमण जरूर करें।

जनता के लिए खुलेगा लोकभवन, इस समय कर सकेंगे प्रवेश

राज्यपाल मंगुभाई पटेल के निर्देशानुसार मध्यप्रदेश की लोकतांत्रिक और प्रशासनिक विरासत के प्रतीक लोकभवन को 25 जनवरी से 27 जनवरी तक आम नागरिकों के लिए खोला जाएगा। लोकभवन भ्रमण के लिए 25 और 27 जनवरी को दोपहर 2 बजे से शाम 8 बजे तक प्रवेश की अनुमति रहेगी। वहीं, गणतंत्र दिवस 26 जनवरी को भ्रमण का समय सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक निर्धारित किया गया है। नागरिकों के वाहनों की पार्किंग कुशाभाऊ ठाकरे सभागार परिसर में की जा सकेगी। आमजन के लिए प्रवेश गेट क्रमांक-1 से और निकास गेट क्रमांक-4 से सुनिश्चित किया गया है।

इस रूट से देख सकेंगे लोकभवन

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार गेट क्रमांक-1 से प्रवेश के बाद नागरिक लोकभवन सचिवालय और वी.आई.पी. रोड होते हुए कांच गेट से परिसर में प्रवेश करेंगे। इसके बाद स्वर्ण जयंती सभागार (बैंक्वेट हॉल), ऐतिहासिक दरबार हॉल, तोप एवं ध्वज वंदन स्थल का अवलोकन कराया जाएगा। आगे सिविल डिस्पेंसरी के सामने आयोजित केंद्र और राज्य सरकार की प्रदर्शनियों को देखने का अवसर मिलेगा। इसके साथ ही सांदीपनि सभागार के बाहर वॉटर फाउंटेन के समीप वीडियो वॉल के माध्यम से लघु फिल्मों का प्रदर्शन किया जाएगा। भ्रमण के अंत में नागरिक मंदिर के सामने वाले द्वार से होते हुए गेट क्रमांक-4 से बाहर निकलेंगे।

प्रदर्शनी और विशेष फिल्में भी दिखाई जाएंगी

इस आयोजन में विशेष आकर्षण केंद्र सरकार के केन्द्रीय संचार ब्यूरो और मध्यप्रदेश जनसंपर्क विभाग द्वारा आयोजित प्रदर्शनियां होंगी। केन्द्रीय संचार ब्यूरो द्वारा “वीबी-जी रामजी योजना” और “वंदे भारत” थीम पर आधारित प्रदर्शनी के माध्यम से राष्ट्र निर्माण, विकास योजनाओं और आधुनिक भारत की यात्रा को प्रदर्शित किया जाएगा। वहीं, मध्यप्रदेश जनसंपर्क विभाग द्वारा “राजभवन से लोकभवन” विषय पर आधारित विशेष प्रदर्शनी में राज्य की स्थापना से लेकर अब तक के सभी राज्यपालों की जानकारी सरल और रोचक स्वरूप में प्रस्तुत की जाएगी। इसके साथ ही ऐतिहासिक एवं विकासपरक लघु फिल्मों का प्रदर्शन भी किया जाएगा।

Shruty Kushwaha
लेखक के बारे में
Shruty Kushwaha

पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J.), 2001. 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल और लाइव इंडिया मुंबई में कार्य.

2001 में माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय भोपाल से पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J, Masters of Journalism)। 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल, लाइव इंडिया मुंबई में कार्य अनुभव। साहित्य पठन-पाठन में विशेष रूचि। View all posts by Shruty Kushwaha →
Follow Us :GoogleNews