भोपाल स्टेशन पर संदिग्ध गतिविधियों में शामिल शातिर आरोपियों को आरपीएफ ने पकड़ा

पूछताछ और तलाशी के दौरान इनके पास यात्रियों से चुराए गए ₹4185/- नकद बरामद हुए।
भोपाल स्टेशन पर संदिग्ध गतिविधियों में शामिल शातिर आरोपियों को आरपीएफ ने पकड़ा

BHOPAL NEWS :  भोपाल मंडल द्वारा रेल यात्रियों की सुरक्षा के लिए निरंतर निगरानी अभियान चलाए जा रहे हैं। इसी क्रम में आरपीएफ के आरक्षक अमित यादव, मनीष कुमार, सत्येंद्र कुमार एवं कृष्ण कुमार की टीम ने भोपाल रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म क्रमांक 2/3 पर यात्री सामान चोरी की नीयत से घूम रहे चार संदिग्ध व्यक्तियों को रेल सुरक्षा बल द्वारा पकड़ा।

संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान

आरपीएफ की चेकिंग टीम द्वारा पकड़े गए संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान लखन मोगिया (22 वर्ष, ग्राम मुगल खेड़ी, थाना कुरावर, जिला राजगढ़), रामबाबू मोगिया (29 वर्ष, ग्राम बदनपुर, थाना सहारनपुर, जिला राजगढ़), मिथुन सिंह मोगिया (25 वर्ष, ग्राम मुगल खेड़ी, थाना पटना, जिला राजगढ़) और जितेंद्र सिंह मोगिया (25 वर्ष, ग्राम श्यामपुर, जिला सीहोर) के रूप में हुई।

पूछताछ के दौरान उगले राज 

पूछताछ और तलाशी के दौरान इनके पास यात्रियों से चुराए गए ₹4185/- नकद बरामद हुए। यह सभी आरोपी रेलवे परिसर में बिना टिकट एवं वैध कारण के पाए गए। मौके पर कोई शिकायतकर्ता उपस्थित नहीं होने के बावजूद इनकी संदिग्ध गतिविधियों को गंभीरता से लेते हुए रेल अधिनियम की धाराओं 145 (अनुशासनहीनता), 146 (रेलवे कर्मचारी के आदेश की अवहेलना) तथा 137 (बिना टिकट यात्रा) के अंतर्गत केस पंजीबद्ध कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया।

रेल प्रशासन की अपील 

यात्रियों की सुरक्षा से संबंधित मामलों में भोपाल मंडल सख्त रुख अपनाए हुए है तथा इस प्रकार की गतिविधियों पर पूर्ण नियंत्रण हेतु सतत अभियान जारी रहेंगे। रेल प्रशासन यात्रियों से अपील करता है कि स्टेशन परिसर में किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल निकटतम आरपीएफ पोस्ट या हेल्पलाइन नंबर 139 पर दें, ताकि सभी की यात्रा सुरक्षित, सुगम और सुविधाजनक बनी रहे।

Sushma Bhardwaj
लेखक के बारे में
Follow Us :GoogleNews