‘मुख्यमंत्री मुझे जानते हैं, मैं कैबिनेट में जवाब मांगूंगी’ संपतिया उइके ने 1000 करोड़ कमीशन के आरोप पर कहा- मुझे प्रताड़ित किया जा रहा है

पत्रकारों के सवालों से घिरी मंत्री ने कहा कि वो आदिवासी, गरीब, मज़दूर वर्ग से आती हैं और ये आरोप लगाने वाले उन्हें प्रताड़ित कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि वो इस मामले पर एक प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगी जिसमें सारे सवालों के जवाब देंगीं। फिलहाल इस मामले को लेकर सियासी हलचल तेज है और विपक्ष लगातार हमलावर है।
Sampatiya Uikey

कमीशनखोरी के गंभीर आरोपों में घिरी मंत्री संपतिया उइके ने कहा है कि वो बिलकुल सही हैं और हर तरह की जाँच के लिए तैयार हैं। भोपाल में पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए उन्होंने कहा कि ‘मुझे प्रताड़ित किया जा रहा है और ये पूरी तरह गलत है’। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री मुझे अच्छी तरह जानते हैं और वो कैबिनेट में इसपर जवाब मांगेंगीं।

बता दें कि लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री संपतिया उइके पर जल जीवन मिशन के अंतर्गत हजार करोड़ रुपये की कथित रिश्वतखोरी का संगीन आरोप सामने आया है। यह प्रकरण उस समय चर्चा में आया जब पूर्व विधायक किशोर समरीते ने इस विषय में प्रधानमंत्री कार्यालय को औपचारिक शिकायत सौंपी। शिकायत मिलते ही विभाग ने मंत्री के विरुद्ध आंतरिक जांच शुरू कराने के निर्देश जारी कर दिए हैं।

संपतिया उइके ने कहा ‘कैबिनेट में जवाब मांगेंगीं’

संपतिया उइके ने जल जीवन मिशन में केंद्र द्वारा जारी फंड में 1000 करोड़ रुपये की कमीशनखोरी के गंभीर आरोपों को पूरी तरह नकार दिया है। आज कैबिनेट बैठक से पहले जब पत्रकारों ने उनसे सवाल किए तो उन्होंने अपने आप को पूरी तरह निर्दोष बताया। उन्होंने कहा कि ‘मैं बिलकुल सही हूं। साँच को आँच नहीं..जिस तरह से जाँच करें मुझे कोई दिक्कत नहीं है। मैं एक आदिवासी महिला हूं..गरीब मजदूर वर्ग से आई हूं। आज मैं जनता जनार्दन की सेवा कर रही हूं। इसका जवाब मेरे मुख्यमंत्री देंगे। मुख्यमंत्री जी को सारी बात पता है, जिस तरह से मेरी प्रताड़ना की जा रही है ये बिलकुल गलत है। मैं कैबिनेट में इसका जवाब मांगूंगीं।’

कहा- पत्रकारों को बुलाकर देंगीं जवाब

जब पत्रकारों ने उनसे इन सारे आरोपों के बारे में पूछा तो उन्होंने कहा कि इसपर वो विस्तार से बात करेंगीं। संपतिया उइके ने कहा कि ‘हमारी सरकार भ्रष्टाचार मुक्त सरकार है और यही पारदर्शिता है कि सरकार किसी मंत्री की शिकायत पर भी जाँच कर रही है। यदि कोई भी व्यक्ति गलत काम करेगा या उसकी शिकायत आती है तो हमारी सरकार निष्पक्षता से जाँच करती है।’ उन्होंने कहा कि वो पत्रकारों को बुलाकर इस मामले पर प्रेसवार्ता करेंगी और सारे सवालों का जवाब देंगी।

[dgv_vimeo_video id=”1097768897″]

Shruty Kushwaha
लेखक के बारे में
Shruty Kushwaha

पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J.), 2001. 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल और लाइव इंडिया मुंबई में कार्य.

2001 में माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय भोपाल से पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J, Masters of Journalism)। 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल, लाइव इंडिया मुंबई में कार्य अनुभव। साहित्य पठन-पाठन में विशेष रूचि। View all posts by Shruty Kushwaha →
Follow Us :GoogleNews