
Kamal Nath
छिंदवाड़ा जिले में कफ सिरप पीने से सात बच्चों की मृत्यु हो चुकी है। इस घटना से स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप है वहीं कांग्रेस भी लगातार इस मुद्दे पर प्रदेश सरकार को घेर रही है। कमलनाथ ने कहा है कि जानकारी मिली है कि कफ़ सिरप में ब्रेक ऑयल का सोलवेंट मिलाया जा रहा था जिससे मासूमों की जान गई। उन्होंने सरकार से मांग की है कि प्रदेश में बिक रही सभी तरह की दवाओं पर सख्त निगरानी रखी जाए साथ ही खाने पीने के सभी सामानों की शुद्धता को सुनिश्चित करने के लिए विशेष अभियान चलाया जाए।
वहीं नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने प्रदेश सरकार पर निशाना साधते हुए सवाल किया कि बीजेपी को इस हादसे की खबर है भी या नहीं। इसी के साथ उन्होंने सरकार से मांग की है कि प्रभावित परिवारों की मदद की घोषणा करे जिन्होंने इस लापरवाही की वजह से अपने बच्चों को खोया है।
जहरीले कफ सिरप ने ली बच्चों की जान
छिंदवाड़ा की दुखद घटना ने पूरे प्रदेश को झकझोर कर रख दिया है। विषाक्त कफ सिरप के सेवन से अब तक सात बच्चों की मृत्यु हो चुकी है। इस घटना ने न सिर्फ स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता पर सवाल उठाए हैं, बल्कि प्रशासन की लापरवाही को भी उजागर किया है। जांच में सामने आया है कि कफ सिरप में डायएथिलीन ग्लाइकॉल नामक एक औद्योगिक सॉल्वेंट मिलाया गया था जो पेंट, वार्निश और ब्रेक फ्लुइड जैसे औद्योगिक उत्पादों में उपयोग होता है। यह अत्यंत जहरीला पदार्थ है और कहा जा रहा है कि इसके सेवन के बाद बच्चों की किडनी फेल होने से उनकी मृत्यु हुई।
कमलनाथ ने की शुद्धता जांच अभियान चलाने की मांग
पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए सरकार को सवालों के घेरे में लिया है। उन्होंने कहा कि “यह झकझोर देने वाली जानकारी है कि कफ सिरप में ब्रेक ऑयल का सॉल्वेंट मिलाया जा रहा है। बच्चों की दवा में इस तरह की मिलावट खुलेआम हो रही है और समय रहते इस पर कोई अंकुश नहीं लगाया गया। यह दर्शाता है कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था और प्रशासन नाम की कोई चीज नहीं है।” उन्होंने अपने मुख्यमंत्री कार्यकाल में शुरू किए गए ‘शुद्ध के लिए युद्ध’ अभियान का जिक्र करते हुए सरकार से मांग की कि सभी दवाओं और खाद्य पदार्थों की शुद्धता सुनिश्चित करने के लिए विशेष अभियान चलाया जाए।
उमंग सिंघार ने कहा ‘प्रभावित परिवारों की मदद करे सरकार’
नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने भी इस घटना को लेकर सरकार को घेरा है। उन्होंने बीजेपी पर कटाक्ष करते हुए कहा कि “मोहन यादव सरकार को इस हादसे की खबर भी है या नहीं?” उन्होंने कहा कि ऐसे मिलावटी सिरप से पहले इंडोनेशिया और गाम्बिया जैसे देशों में भी बच्चों की मौतें हो चुकी हैं। कांग्रेस नेता ने प्रदेश सरकार से मांग की है कि वो प्रभावित परिवारों के लिए मदद की घोषणा करे।
छिंदवाड़ा में विषाक्त कफ सिरप पीने से अब तक सात बच्चों की दुखद मृत्यु हो चुकी है।
अब जो तथ्य सामने आ रहे हैं उससे पता चल रहा है कि छिंदवाड़ा और मध्य प्रदेश में बच्चों की ज़िंदगी से खुलेआम खिलवाड़ किया जा रहा है।
यह झकझोर देने वाली जानकारी है कि कफ़ सिरप में ब्रेक ऑयल का… pic.twitter.com/zpIpWnd2zo
— Kamal Nath (@OfficeOfKNath) October 3, 2025
छिंदवाड़ा में #कफ_सीरप के उपयोग से किडनी फेल होने के कारण 7 बच्चों की मौत होना बेहद दुखद घटना है।
बच्चों को दिए कफ सिरप के सैंपल में #डायएथिलीन_ग्लाइकोल पाया गया। यह एक #औदयोगिक_सॉल्वेंट है। जिसका उपयोग पेंट, वार्निश, ब्रेक फ्लुइड और अन्य इंडस्ट्रियल प्रोडक्ट्स में होता है।#MP… pic.twitter.com/slHP7hkUGj
— Umang Singhar (@UmangSinghar) October 3, 2025
पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J.), 2001. 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल और लाइव इंडिया मुंबई में कार्य.

