मध्यप्रदेश के कई हिस्सों में अतिवृष्टि और बाढ़ से स्थिति गंभीर, सीएम डॉ. मोहन यादव ने कहा ‘सरकार पूरी संवेदना के साथ हरसंभव सहायता को तत्पर’

मौसम विभाग ने आगामी चौबीस घंटों में कई जिलों में अत्यधिक भारी वर्षा की चेतावनी जारी की है। मुरैना, शिवपुरी, गुना, विदिशा, रायसेन और अलीराजपुर जैसे इलाकों में नदियों का जलस्तर खतरे के निशान के पार पहुंच गया है। इस बीच मुख्यमंत्री ने कहा है कि सरकार और प्रशासन पूरी तरह प्रभावितों की मदद के लिए खड़े हैं।
Chief Minister Mohan Yadav

मध्यप्रदेश में लगातार भारी बारिश और बाढ़ ने कई जिलों में जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया है। इस बीच मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि सरकार अतिवृष्टि और बाढ़ से प्रभावित प्रदेशवासियों के साथ पूरी संवेदनशीलता के साथ खड़ी है। उन्होंने आश्वासन दिया कि प्रभावित लोगों को हर संभव सहायता प्रदान की जा रही है और राहत व बचाव कार्य युद्ध स्तर पर चलाए जा रहे हैं।

मौसम विभाग ने 31 जुलाई को प्रदेश के 12 जिलों के लिए भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। शिवपुरी, मुरैना, मंदसौर, नीमच, अशोकनगर, गुना, श्योपुर, मंडला, बालाघाट, पांढुर्णा, छिंदवाड़ा और सिवनी जिलों में अगले 24 घंटों के दौरान साढ़े चार इंच तक बारिश होने की संभावना जताई गई है।

एमपी में बाढ़ और अतिवृष्टि से कई जिले प्रभावित

मध्यप्रदेश के कई जिले जैसे मुरैना, ग्वालियर संभाग, शिवपुरी, गुना, दमोह, अशोकनगर, रीवा, रायसेन, विदिशा, और आलीराजपुर, भारी बारिश और बाढ़ की चपेट में हैं। इन जिलों में नदियों और नालों का जलस्तर खतरनाक स्तर तक बढ़ गया है।  मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों में नर्मदापुरम, हरदा, गुना, शिवपुरी, रायसेन, विदिशा, सीहोर, और भोपाल सहित कई जिलों में भारी वर्षा की चेतावनी जारी की है।

मुख्यमंत्री ने दिया हरसंभव सहायता का आश्वासन

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने भोपाल के स्टेट कमांड सेंटर से स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने कहा है कि ‘अतिवृष्टि और बाढ़ से प्रभावित प्रदेशवासियों के साथ मध्यप्रदेश सरकार पूरी संवेदना से खड़ी है। सरकार हर आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने के लिए तत्पर है। प्रभावित जिलों में राहत और बचाव कार्य युद्ध स्तर पर चलाए जा रहे हैं।’ सीएम ने कहा कि प्रभावितों को हरसंभव सहायता पहुंचाने के लिए सरकार पूरी तरह काम कर रही है और राहत शिविरों में भोजन, आवास और चिकित्सा सुविधाएं प्रदान की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि इस स्थिति से निपटने के लिए सरकार और प्रशासन पूरी तरह तत्पर है।

Shruty Kushwaha
लेखक के बारे में
Shruty Kushwaha

पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J.), 2001. 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल और लाइव इंडिया मुंबई में कार्य.

2001 में माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय भोपाल से पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J, Masters of Journalism)। 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल, लाइव इंडिया मुंबई में कार्य अनुभव। साहित्य पठन-पाठन में विशेष रूचि। View all posts by Shruty Kushwaha →
Follow Us :GoogleNews