
भोपाल में ड्रग तस्करी, लव जिहाद, रेप और ब्लैकमेलिंग जैसे गंभीर आरोपों में फंसे शारिक मछली के खिलाफ प्रशासन की कार्रवाई की कांग्रेस नेता केके मिश्रा ने सराहना की है। हालांकि उन्होंने तंज करते हुए ये भी मांग की कि ‘अब उन मगरमच्छों पर भी बुलडोज़र चले जो वर्षों से इन मछलियों को पालते और उनके टुकड़ों पर पलते आए हैं।’
वहीं, राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग के सदस्य प्रियंक कानूनगो ने इस कार्रवाई की सराहना करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का आभार जताया है। साथ ही उन्होंने कहा कि इस घर के साथ बने अवैध मदरसे को भी ध्वस्त किया जाए।
शारिक मछली के घर पर चला बुलडोज़र
गुरुवार को राजधानी के कोकता हथाईखेड़ा क्षेत्र में शारिक मछली परिवार की आलीशान तीन मंजिला कोठी को भारी सुरक्षा व्यवस्था के बीच बुलडोजर से ध्वस्त कर दिया गया। इस कोठी की अनुमानित कीमत 25 करोड़ रुपये थी जो सरकारी जमीन पर अवैध रूप से बनाई गई थी। इस कार्रवाई से पहले 30 जुलाई को भी प्रशासन ने मछली परिवार की 100 करोड़ रुपये की अवैध संपत्तियों..जिसमें फार्महाउस, वेयरहाउस, और मदरसा शामिल थे, को जमींदोज किया था।
राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग के सदस्य ने की कार्रवाई की सराहना
इस कार्रवाई के बाद राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग के सदस्य प्रियंक कानूनगो ने इसकी सराहना करते हुए मुख्यमंत्री मोहन यादव को बधाई दी है। उन्होंने कहा कि टपीड़ित हिंदू बेटियों ने आपको सहस्र आशीर्वाद दिए हैं सीएम मोहन यादव जी। महाकाल महाराज आपको और अधिक शक्ति प्रदान करें।’ इसी के साथ उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि कोठी के पास ग्रीन बेल्ट की सरकारी जमीन पर बना एक अवैध मदरसा भी है.. जहां दूसरे राज्यों से बच्चों को लाकर कट्टरवाद की शिक्षा दी जाती थी। उन्होंने मांग की कि उसे भी ध्वस्त किया जाए।
कांग्रेस नेता केके मिश्रा ने की मांग
वहीं इस मामले पर कांग्रेस नेता केके मिश्रा ने मुख्यमंत्री मोहन यादव को साधुवाद दिया है। हालांकि, उन्होंने यह सवाल भी उठाया है कि बीजेपी के मंत्री, विधायक, सांसद और हिंदू संगठनों ने इस साहसिक कदम का खुलकर समर्थन क्यों नहीं किया। कांग्रेस नेता ने मुख्यमंत्री से मांग की है कि शारिक मछली परिवार को संरक्षण देने वाले “मगरमच्छों” पर भी कार्रवाई की जाए और उन्हें भी चिन्हित किया जाए जो आरोपी से लाभ उठा रहे थे।
♦️ “*प्रदेश की राजधानी भोपाल में “लव और ड्रग जिहाद” से जुड़े कुकर्मियों (मछलियों) के “मगरमच्छों के संरक्षण से निर्मित अवैध क़िले और अवैध साम्राज्य” को नेस्तनाबूद करने पर एक “विपक्षी विचारधारा” के सिपाही होने के बावजूद भी (*बिना किसी भय और लाभ-हानि की चिंता किए बग़ैर*) मुख्यमंत्री…
— KK Mishra (@KKMishraINC) August 22, 2025
पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J.), 2001. 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल और लाइव इंडिया मुंबई में कार्य.

