शिवपुरी में कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर FIR को लेकर जीतू पटवारी ने सरकार को घेरा, कहा “बीजेपी का डर और बौखलाहट उजागर”

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि लोकतांत्रिक विरोध को दबाने की कोशिश की जा रही है लेकिन कांग्रेस इससे डरने वाली नहीं है। उन्होंने कहा कि पार्टी अपने कार्यकर्ताओं के साथ मजबूती से खड़ी है।
MP Congress Jitu Patwari

Jitu Patwari

शिवपुरी में भाजपा जिला कार्यालय में पोस्टर चिपकाने और नारेबाजी के मामले में तीन कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर FIR दर्ज होने के बाद प्रदेश की सियासत गरमा गई है। इस घटनाक्रम पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने भाजपा सरकार और स्थानीय प्रशासन पर सवाल उठाते हुए कहा है कि इससे बीजेपी का डर और बौखलाहट साबित होती है।

उन्होंने कहा कि “सवालों से घबराकर आवाज़ दबाने की यह कायराना कोशिश है। लेकिन भाजपा भूल रही है कि ये राहुल गांधी जी के बब्बर शेर हैं, FIR से डरने वाले नहीं।” कांग्रेस नेता ने कहा कि पार्टी अपने हर कार्यकर्ता के साथ मजबूती से खड़ी है।

क्या है मामला 

बुधवार सुबह करीब 11 बजे कुछ लोग भाजपा जिला कार्यालय परिसर में पहुंचे और कथित तौर पर बिना अनुमति अंदर प्रवेश किया। आरोप है कि उन्होंने कार्यालय परिसर में पार्टी के खिलाफ आपत्तिजनक और भ्रामक बातें लिखे पोस्टर चिपकाए और नारेबाजी की। भाजपा जिला उपाध्यक्ष राघवेंद्र सिंह जाट ने पुलिस में दर्ज कराई शिकायत में कहा है कि इस दौरान परितोष उर्फ बंजी राठौड़, अमित सोनी और आशीष सेन शामिल थे। शिकायत के अनुसार, जब उन्हें रोकने का प्रयास किया गया तो विवाद बढ़ गया और गाली गलौज की स्थिति भी बन गई। उनकी शिकायत के आधार पर कोतवाली पुलिस ने तीनों नामजद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जीतू पटवारी ने बीजेपी सरकार को घेरा

इस मामले पर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि भाजपा लोकतांत्रिक विरोध को दबाने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यालय पर पोस्टर चिपकाने जैसी सामान्य घटना को इतना बड़ा बनाकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर FIR दर्ज करना साफ दिखाता है कि भाजपा सवालों से घबराई हुई है और बौखलाई हुई है। कांग्रेस नेता ने कहा कि लोकतंत्र में विरोध और असहमति की जगह होती है, लेकिन वर्तमान में विरोध की हर आवाज को आपराधिक रंग देने की कोशिश की जा रही है। इसी के साथ उन्होंने कहा है कि कांग्रेस अपने हर कार्यकर्ता के साथ मजबूती से खड़ी हुई है और हर परिस्थिति में उनका साथ देगी।

Shruty Kushwaha
लेखक के बारे में
Shruty Kushwaha

पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J.), 2001. 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल और लाइव इंडिया मुंबई में कार्य.

2001 में माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय भोपाल से पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J, Masters of Journalism)। 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल, लाइव इंडिया मुंबई में कार्य अनुभव। साहित्य पठन-पाठन में विशेष रूचि। View all posts by Shruty Kushwaha →
Follow Us :GoogleNews