मप्र के बिजली उपभोक्ताओं को शिवराज सरकार की बड़ी राहत

मप्र के बिजली उपभोक्ताओं को शिवराज सरकार की बड़ी राहत

भोपाल। शरद व्यास| मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान (Shivraj Singh Chauhan) ने एक बार फिर से प्रदेश की जनता को बड़ी राहत दी है| मध्‍य प्रदेश सरकार (MP Government) ने बिजली उपभोक्‍ताओं (Power consumers) का बड़ी राहत देते हुए बिजली बिलों (Electricity Bill) को आधा करने का निर्देश दिया है| मुख्यमंत्री ने इसका एलान करते हुए कहा कि घर पर रहने से लोगों के बिजली के बिल बड़े-बड़े आए हैं। जिनका अप्रैल महीने में 100 रु. आया है उनसे मई, जून, जुलाई में 50 रु. बिल लिया जाए। इससे 56 लाख उपभोक्ताओं को 255 करोड़ का लाभ होगा जो हम सरकारी खजाने से बिजली विभाग को देंगे। मुख्यमंत्री मंत्रालय में प्रदेश के बिजली उपभोक्ताओं से वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से चर्चा कर रहे थे।

सीएम ने कहा कि 100-400रुपये बिजली बिल वालों को सिर्फ 100 और 400 से अधिक बिल वालों को केवल आधा बिल देना होगा। इससे उपभोक्ताओं को 183 करोड़ रुपये का फायदा होगा जिसका वहन सरकार करेगी।

बिजली उपभोक्ताओं को मिली यह राहत
-जो उपभोक्ता संबल योजना में शामिल हैं एवं उनके बिल अधिकतम 100 रुपए तक आए हैं, उन उपभोक्ताओं को अप्रैल, मई एवं जून माह में रुपए 100 तक बिल आने पर मात्र रुपए 50 का बिल देना होगा|

-ऐसे घरेलू उपभोक्ता, जिनके बिजली के बिल माह अप्रैल में रुपए 100 तक आये थे किन्तु मई, जून और जुलाई माह में रुपए 100 से अधिक परंतु रुपए 400 से कम आए हैं या आएंगे, तो उनसे मई, जून और जुलाई माह के बिल की राशि के स्‍थान पर सिर्फ रुपए 100 प्रतिमाह लिया जाएगा|

-ऐसे घरेलू उपभोक्ता जिनके बिजली के बिल अप्रैल में रुपए 100 से अधिक परन्‍तु रुपए 400 या उससे कम आए थे, उनके मई, जून और जुलाई माह में देयक राशि रुपए 400 से ज्‍यादा आने पर मात्र 50 प्रतिशत भुगतान लिया जाएगा। शेष बिल की राशि की जाँच के उपरांत निर्णय लिया जाएगा|

-उपभोक्ताओं द्वारा अप्रैल और मई माह के बिलों का भुगतान नियत तिथि तक करने पर उन्हें एक प्रतिशत अतिरिक्त प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। यह राशि निम्न दाब उपभोक्ताओं के लिए अधिकतम 10 हजार रूपये एवं उच्च दाब उपभोक्ताओं के लिए अधिकतम एक लाख रूपये होगी|

गौरतलब है कि मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष कमनलाथ पहले भी दो बार सीएम शिवराज सिंह चौहान से पत्र लिखकर कोरोना काल में तीन माह के बिजली बिल माफ करने की मांग कर चुके हैं. उन्होंने अब सोशल मीडिया के माध्यम से इस मांग को दोहराया था| उन्होंने कहा है कि राज्य सरकार लॉकडाउन की अवधि के सभी उपभोक्ताओं के तीन माह के बिजली बिल माफ करे|

Gaurav Sharma
लेखक के बारे में
Gaurav Sharma

निदेशक और संपादक

पत्रकारिता पेशा नहीं ज़िम्मेदारी है और जब बात ज़िम्मेदारी की होती है तब ईमानदारी और जवाबदारी से दूरी बनाना असंभव हो जाता है। एक पत्रकार की जवाबदारी समाज के लिए उतनी ही आवश्यक होती है जितनी परिवार के लिए क्यूंकि समाज का हर वर्ग हर शख्स पत्रकार पर आंख बंद कर उस तरह ही भरोसा करता है जितना एक परिवार का सदस्य करता है। पत्रकारिता मनुष्य को समाज के हर परिवेश हर घटनाक्रम से अवगत कराती है, यह इतनी व्यापक है कि जीवन का कोई भी पक्ष इससे अछूता नहीं है। यह समाज की विकृतियों का पर्दाफाश कर उन्हे नष्ट करने में हर वर्ग की मदद करती है। इसलिए पं. कमलापति त्रिपाठी ने लिखा है कि," ज्ञान और विज्ञान, दर्शन और साहित्य, कला और कारीगरी, राजनीति और अर्थनीति, समाजशास्त्र और इतिहास, संघर्ष तथा क्रांति, उत्थान और पतन, निर्माण और विनाश, प्रगति और दुर्गति के छोटे-बड़े प्रवाहों को प्रतिबिंबित करने में पत्रकारिता के समान दूसरा कौन सफल हो सकता है। View all posts by Gaurav Sharma →
Follow Us :GoogleNews