एयर इंडिया की टूटी सीट पर शिवराज सिंह चौहान की पोस्ट पर सियासत, उमंग सिंघार का तंज ‘कोई व्यक्तिगत परेशानी कुर्सी के जरिए व्यक्त की ‘

नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि जब केंद्रीय मंत्री की ये स्थिति है तो आम आदमी की असुविधाओं का अंदाजा लगाया जा सकता है। इसी के साथ उन्होंने शिवराज जी को 'बस' में बैठने की सलाह भी दी। उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा कि ऐसा लगता है केंद्रीय मंत्रियों के बीच मतभेद है और इसीलिए ये पीड़ा इस तरह व्यक्त की गई है।
umang singhar

Umang Singhar jibe on Shivraj Singh Chauhon post : शिवराज सिंह चौहान को एयर इंडिया की फ्लाइट में टूटी हुई सीट देने के मामले पर अब सियासत शुरु हो गई है। नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने कहा है कि जब एक मंत्री की ये स्थिति है तो आम जनता की पीड़ा का अंदाज़ा लगाया जा सकता है। इसी के साथ उन्होंने केंद्रीय मंत्री को सलाह दी कि ‘कभी बस में बैठकर भी देखिए कि लोग कैसे परेशान होते हैं’।

कांग्रेस नेता ने ये तंज भी कसा है कि इस बात से ये समझ में आता है कि केंद्रीय मंत्रियों के बीच तनातनी और मतभेद है और शिवराज जी अपनी किसी व्यक्तिगत परेशानी को ‘टूटी हुई कुर्सी’ के माध्यम से व्यक्त कर रहे हैं। बता दें कि आज शिवराज सिंह चौहान ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा है कि भोपाल से दिल्ली की यात्रा के दौरान एयर इंडिया की फ्लाइट में उन्हें टूटी धंसी हुई सीट दी गई और उन्होंने पूरी यात्रा उसी सीट पर बैठकर पूरी की।

उमंग सिंघार ने शिवराज सिंह चौहान पर साधा निशाना

इस मामले पर नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने कटाक्ष किया है। उन्होंने कहा कि ‘शिवराज जी केंद्रीय मंत्री है। उन्हें इस प्रकार से करना पड़े ये आश्चर्य की बात है। आप इतने साल तक मुख्यमंत्री थे तो हॉट सीट पर ही रहे। जनता कैसे परेशान होती है..आप देखें। कभी बस में बैठकर भी देख लें कि लोग कैसे परेशान होते हैं। आम जनता की पीड़ा का आपको अहसास तो होगा। जब इतने सालों से हेलीकॉप्टर में बैठ रहे थे तब अहसास नहीं था। उन्हें इस बारे में अपनी पार्टी अपने मंत्री को अवगत कराना था। ये किसी कंपनी की छवि खराब करने की आपकी मानसिकता दिखाती है। इससे समझ आता है कि केंद्रीय मंत्रियों के बीच में मतभेद है और शिवराज जी अपनी कोई व्यक्तिगत परेशानी कुर्सी के माध्यम से व्यक्त कर रहे हैं।

ये है मामला

बता दें कि आज शिवराज सिंह चौहान ने X पर लिखा था कि उन्होंने भोपाल से दिल्ली जाने के लिए एयर इंडिया की फ्लाइट संख्या AI436 में टिकट बुक किया था और उन्हें सीट नंबर 8C आवंटित की गई। लेकिन जब वे विमान के अंदर पहुंचे तो देखा कि सीट टूटी हुई थी और अंदर धंसी हुई थी, जिससे बैठना बेहद असुविधाजनक हो गया। इस पर जब उन्होंने विमानकर्मियों से शिकायत की तो जवाब मिला कि इस बारे प्रबंधन को पहले ही सूचित कर दिया गया था कि यह सीट खराब है और इसका टिकट नहीं बेचा जाना चाहिए था। और ऐसी सिर्फ एक नहीं, बल्कि कई और सीटें भी खराब हैं।’ यह जवाब हैरान करने वाला था, क्योंकि यह किसी भूलवश नहीं हुआ था, बल्कि प्रबंधन को पूरी जानकारी होने के बावजूद उस सीट को यात्री को आवंटित कर दिया गया था। उन्होंने लिखा कि ‘क्या आगे किसी यात्री को ऐसा कष्ट न हो, इसके लिए एयर इंडिया प्रबंधन कदम उठाएगा या यात्रियों की जल्दी पहुंचने की मजबूरी का फायदा उठाता रहेगा।’

Shruty Kushwaha
लेखक के बारे में
Shruty Kushwaha

पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J.), 2001. 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल और लाइव इंडिया मुंबई में कार्य.

2001 में माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय भोपाल से पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J, Masters of Journalism)। 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल, लाइव इंडिया मुंबई में कार्य अनुभव। साहित्य पठन-पाठन में विशेष रूचि। View all posts by Shruty Kushwaha →
Follow Us :GoogleNews