MP Breaking News
Google पर फॉलो करें

सिंहस्थ-2028 में 40 करोड़ श्रद्धालुओं की भीड़ संभालने उतरेंगे 15 हजार से ज्यादा सेवादूत, CM डॉ. मोहन यादव ने किया बड़ा ऐलान

भोपाल में बनेगा अत्याधुनिक ट्रेनिंग सेंटर, तैयार होंगे 100 मास्टर ट्रेनर; हर जिले से 500 और उज्जैन संभाग के जिलों से एक-एक हजार युवाओं को मिलेगी ट्रेनिंग
CM Mohan Yadav

भोपाल: सिंहस्थ 2028 में करीब 40 करोड़ श्रद्धालुओं के उज्जैन पहुंचने का अनुमान है। इतनी बड़ी संख्या के बीच भीड़ और व्यवस्थाएं संभालने के लिए इस बार 15 हजार से ज्यादा सेवादूत तैयार किए जाएंगे। इन्हें भीड़ प्रबंधन के साथ आपदा और दूसरी चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों से निपटने की ट्रेनिंग भी दी जाएगी। इसके लिए भोपाल में अत्याधुनिक ट्रेनिंग सेंटर बनेगा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बुधवार को इसकी घोषणा की।

ट्रेनिंग सेंटर बनने तक सेवादूतों की तैयारी के लिए जरूरत के मुताबिक सांदीपनि विद्यालयों के भवन और परिसरों का इस्तेमाल किया जाएगा। इसके साथ आपदा प्रबंधन संस्थान के सहयोग से 100 मास्टर ट्रेनर तैयार किए जाएंगे। प्रदेश के हर जिले से 500 और उज्जैन संभाग के सभी जिलों से एक-एक हजार युवाओं को सेवादूत के रूप में प्रशिक्षित किया जाएगा।

पिछली बार 7,500, इस बार 15 हजार से ज्यादा सेवादूत

सिंहस्थ 2016 में करीब 7,500 स्काउट और गाइड ने 10 कैंपों के जरिए सेवाएं दी थीं। सिंहस्थ 2028 में यह संख्या बढ़कर 15 हजार से अधिक होगी। ये प्रशिक्षित स्वयंसेवक 20 से अधिक कैंपों के माध्यम से सेवा का मोर्चा संभालेंगे।

करीब 40 करोड़ श्रद्धालुओं के आने के अनुमान को देखते हुए भीड़ प्रबंधन को सिंहस्थ की सबसे बड़ी चुनौतियों में रखा गया है। सीएम डॉ. मोहन यादव ने कहा कि श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए सेवादूतों को किसी चुनौती या अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए भी तैयार रहना होगा। सरकार का लक्ष्य सिंहस्थ को स्वच्छ, सुरक्षित और सुव्यवस्थित तरीके से आयोजित करना है।

सोशल मीडिया से फैलने वाली अफवाहों से निपटने की भी ट्रेनिंग

मैदान में भीड़ और व्यवस्थाएं संभालने के साथ सोशल मीडिया से फैलने वाली अफवाहें भी चुनौती होंगी। स्कूल शिक्षा एवं परिवहन मंत्री उदय प्रताप सिंह ने कहा कि स्काउट एंड गाइड को इंटरनेट और सोशल मीडिया के जरिए फैलने वाली अफवाहों को रोकने के लिए भी प्रशिक्षित करना होगा।

मध्यप्रदेश स्काउट एंड गाइड के राज्य कोषाध्यक्ष रमेश शर्मा के मुताबिक सिंहस्थ 2028 में स्काउट एंड गाइड को 30 से अधिक शिविरों के संचालन की जिम्मेदारी सौंपी जाएगी। इनमें 20 शिविर स्काउट-गाइड के होंगे।

Shyam Dwivedi
लेखक के बारे में
पत्रकार वह व्यक्ति होता है जो समाचार, घटनाओं, और मुद्दों की जानकारी देता है, उनकी जांच करता है, और उन्हें विभिन्न माध्यमों जैसे अखबार, टीवी, रेडियो, या ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर प्रस्तुत करता है। मेरा नाम श्याम बिहारी द्विवेदी है और मैं पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है। View all posts by Shyam Dwivedi
Follow Us :GoogleNews
सिंहस्थ-2028 में 40 करोड़ श्रद्धालुओं की भीड़ संभालने उतरेंगे 15 हजार से ज्यादा सेवादूत, CM डॉ. मोहन यादव ने किया बड़ा ऐलान - MP Breaking News