सिंगरौली आंगनबाड़ी में बर्तन खरीद घोटाला: महिला एवं बाल विकास मंत्री निर्मला भूरिया ने कहा ‘जाँच टीम बनाई जाएगी’

निर्मला भूरिया ने आंगनबाड़ियों में भ्रष्टाचार के आरोपों की जाँच कराने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि यह जिला स्तर का मामला है और इसके लिए एक जांच टीम बनाई जाएगी। साथ ही, लाड़ली बहना योजना को लेकर कांग्रेस के आरोपों को नकारते हुए उन्होंने कहा कि बहनों को राशि लगातार दी जा रही है और ये योजना जारी रहेगी।
Nirmala Bhuria

Singrauli Anganwadi Utensil Purchase Scam : महिला एवं बाल विकास मंत्री निर्मला भूरिया ने कहा है कि सिंगरौली की आंगनबाड़ियों में भ्रष्टाचार के आरोपों की जाँच कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि ये जिला स्तर का मामला है और इस मामले की जाँच के लिए टीम बनाई जाएगी। इसी के साथ लाड़ली बहना योजना को लेकर उन्होंने कहा कि कांग्रेस इसे लेकर शुरु से ही आरोप लगाती आ रही है, लेकिन ये योजना चालू रहेगी।

भोपाल में साइबर सुरक्षा को लेकर हो रहे सेमिनार में शामिल होने पहुंची निर्मला भूरिया ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि आज के समय में साइबर सुरक्षा एक ज्वलंत समस्या है। आज जिसके भी हाथ में मोबाइल है, वो इस आशंका से जूझ रहा है कि कहीं उसके साथ साइबर फ्रॉड तो नहीं हो रहा है। आए दिन ऐसे मामले सामने आ रहे हैं जहां महिलाओं, बच्चों सहित सभी के साथ साइबर धोखाधड़ी हो रही है और ऐसे में लोगों को जागरूक करने के लिए इस तरह के सेमिनार किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि हम इस तरह के सेमिनार अन्य जिलों में भी कराएंगे, जिससे लोग साइबर अपराधों को लेकर सतर्क हो सकें।

सिंगरौली की आंगनबाड़ियों में बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार के आरोप

सिंगरौली जिले में आंगनबाड़ियों में बच्चों के भोजन के लिए उपयोग होने वाले बर्तनों की खरीद में बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार का मामला सामने आया है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबित, जिले की 1500 आंगनबाड़ियों के लिए 3,100 जग, 6,200 सर्विंग स्पून और 46,500 चम्मच की खरीद 4 करोड़ 98 लाख 88 हजार 300 रुपए में की गई। इस खरीद में एक चम्मच की कीमत 810 रुपए, सर्विंग स्पून 1,348 रुपए और जग 1,247 रुपए प्रति नग बताई गई है।

निर्मला भूरिया ने कहा कि मामले की जाँच होगी

यह सभी सामग्री अनब्रांडेड हैं, जो सामान्यतः बाज़ार में 100-200 रुपए कीमत में मिलती हैं। वहीं, थोक में बर्तनों की खरीदी की जाती है तो उनके दाम और कम हो जाते हैं। लेकिन सिंगरौली में अधिकारियों और सप्लायर की मिलीभगत से यह खरीदारी चार से पांच गुना ज्यादा महंगे दामों में करने का मामला सामने आया है। इसपर जब महिला एवं बाल विकास मंत्री निर्मला भूरिया से पत्रकारों ने सवाल किया तो उन्होंने कहा कि ‘मेरे संज्ञान में ये बात आई है और मैं इसमें दिखवाती हूं कि क्या मामला है। ये जिला स्तर का मामला है और इसे दिखवाया जाएगा।’ जब उनसे पूछा गया कि क्या इसकी जाँच के लिए टीम बनाई जाएगी तो उन्होंने कहा कि जो भी आवश्यक होगा, वो किया जाएगा। वहीं लाड़ली बहना योजना को लेकर उन्होंने कांग्रेस के आरोपों को बेबुनियाद बताते हुए कहा कि हम लगातार बहनों को राशि दे रहे हैं और मुख्यमंत्री भी कह चुके हैं कि योजना चालू रहेगी।

[dgv_vimeo_video id=”1049211074″]

[dgv_vimeo_video id=”1049211252″]

Shruty Kushwaha
लेखक के बारे में
Shruty Kushwaha

पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J.), 2001. 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल और लाइव इंडिया मुंबई में कार्य.

2001 में माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय भोपाल से पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J, Masters of Journalism)। 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल, लाइव इंडिया मुंबई में कार्य अनुभव। साहित्य पठन-पाठन में विशेष रूचि। View all posts by Shruty Kushwaha →
Follow Us :GoogleNews