देश की पहली सोलर सिटी सांची में फेल हुई सौर परियोजना! उमंग सिंघार ने लगाया भ्रष्टाचार का आरोप

सांची को हरित ऊर्जा और आधुनिक विकास का मॉडल बनाने की योजना अब सवालों के घेरे में आ गई है। विपक्ष का आरोप है कि करोड़ों रुपये खर्च होने के बावजूद सोलर परियोजनाएं बदहाल स्थिति में पहुंच चुकी हैं। बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटें, खराब सोलर किट और अधूरे लक्ष्य को लेकर सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
Umang Singhar

देश की पहली सोलर सिटी सांची अपनी बदहाल सौर व्यवस्थाओं को लेकर चर्चाओं में है। उमंग सिंघार ने इसे लेकर बीजेपी सरकार पर हमला बोला है। उन्होंने कहा कि सोलर सिटी सांची आज भाजपा सरकार के झूठे विकास मॉडल और भ्रष्ट व्यवस्था की पोल खोल रही है।

नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि सांची को देश की पहली सोलर सिटी के रूप में विकसित करने के बड़े दावे किए गए थे लेकिन आज हालात यह हैं कि लगाए गए अधिकांश सोलर सिस्टम बंद पड़े हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि शहर में स्थापित 285 सोलर स्ट्रीट लाइटों में से लगभग 70 प्रतिशत काम नहीं कर रही हैं, जबकि लगभग 20 प्रतिशत लाइटें चोरी हो चुकी हैं। कांग्रेस नेता ने कहा कि कई स्थानों पर पोल तक उखाड़कर ले जाने की घटनाएं सामने आई हैं लेकिन जिम्मेदार विभाग कार्रवाई करने के बजाय चुप्पी साधे हुए हैं।

सोलर सिटी सांची में बदहाल व्यवस्थाओं का आरोप

उमंग सिंघार ने कहा कि 3 सितंबर 2023 को तत्कालीन मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सांची को सोलर सिटी के रूप में विकसित करने के दौरान दावा किया था कि इस परियोजना से हर वर्ष 14 हजार से 14,300 टन कार्बन डाइऑक्साइड उत्सर्जन में कमी आएगी। साथ ही हजारों घरों में सोलर ऊर्जा पहुंचाने की बात कही गई थी। लेकिन जमीनी स्थिति इसके बिल्कुल विपरीत दिखाई दे रही है। उन्होंने कहा कि लगभग 2400 घरों में सोलर सिस्टम लगाने की योजना थी मगर अब तक सिरेफ 17 घरों पर ही सोलर पैनल लगाए जा सके हैं।

उमंग सिंघार ने सरकार को घेरा

नेता प्रतिपक्ष ने यह भी आरोप लगाया है कि कई स्थानों पर लगाई गई सोलर किट खराब हो चुकी हैं और सोलर प्याऊ से ठंडे पानी के बजाय गर्म पानी निकल रहा है, जिससे लोगों को राहत मिलने के बजाय परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि नगर परिषद द्वारा कई बार ऊर्जा विभाग और संबंधित एजेंसियों को पत्र लिखे गए लेकिन स्थिति सुधारने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।

उमंग सिंघार ने आरोप लगाया है कि भाजपा सरकार में “स्मार्ट सिटी”, “सोलर सिटी” और “विकास मॉडल” जैसे प्रोजेक्ट सिर्फ विज्ञापन और इवेंट मैनेजमेंट तक सीमित होकर रह गए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि जनता को धरातल पर बदहाल व्यवस्थाएं, भ्रष्टाचार और फेल सिस्टम का सामना करना पड़ रहा है लेकिन बीजेपी सरकार और प्रशासन इसे लेकर पूरी तरह बेपरवाह है।

Shruty Kushwaha
लेखक के बारे में
Shruty Kushwaha

पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J.), 2001. 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल और लाइव इंडिया मुंबई में कार्य.

2001 में माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय भोपाल से पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J, Masters of Journalism)। 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल, लाइव इंडिया मुंबई में कार्य अनुभव। साहित्य पठन-पाठन में विशेष रूचि। View all posts by Shruty Kushwaha →
Follow Us :GoogleNews