
Umang Singhar
सुप्रीम कोर्ट ने विजयपुर विधानसभा सीट पर बड़ा फैसला सुनाते हुए मध्यप्रदेश हाईकोर्ट के आदेश को खारिज कर दिया है। सर्वोच्च न्यायालय के फैसले के तहत कांग्रेस विधायक मुकेश मल्होत्रा की विधायकी बरकरार रहेगी। इस फैसले को मध्यप्रदेश नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने सत्य की जीत बताया है। उन्होंने कहा कि “यह सिर्फ मुकेश मल्होत्रा की जीत नहीं है, बल्कि यह विजयपुर की जनता और लोकतंत्र के विश्वास की जीत है।”
वहीं, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने भी इस फैसले का स्वागत करते हुए इसे सत्य, न्याय, लोकतंत्र और संविधान की ऐतिहासिक जीत बताया है। उन्होंने कहा कि यह फैसला सिर्फ एक विधायक की सदस्यता को बनाए रखने का निर्णय नहीं है, बल्कि यह जनता के जनमत, लोकतांत्रिक मूल्यों और संविधान की गरिमा की रक्षा का सशक्त उदाहरण है।
उमंग सिंघार ने सुप्रीम कोर्ट के फैसले को सत्य की जीत बताया
सुप्रीम कोर्ट ने मध्यप्रदेश के विजयपुर विधानसभा सीट पर कांग्रेस विधायक मुकेश मल्होत्रा की सदस्यता को बरकरार रखने का फैसला सुनाया। सर्वोच्च न्यायालय ने मध्यप्रदेश हाईकोर्ट के उस आदेश को रद्द कर दिया, जिसमें मुकेश मल्होत्रा की जीत को रद्द कर भाजपा के रामनिवास रावत को विधायक घोषित किया गया था।
नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने इस फैसले का स्वागत करते हुए कहा है कि सत्य परेशान हो सकता है लेकिन पराजित नहीं। उन्होंने कहा कि “विजयपुर की जनता ने अपना विधायक मुकेश मल्होत्रा चुना था, लेकिन सत्ता के अहंकार में डूबी सरकार और ‘पिंजरे में बंद तोते’ की तरह काम करने वाले चुनाव आयोग ने जनादेश को पलटने की हर संभव कोशिश की। आज सुप्रीम कोर्ट ने हाईकोर्ट के आदेश को खारिज कर जनता और लोकतंत्र की जीत सुनिश्चित की है।” इसी के साथ उन्होंने राज्यसभा सांसद और वरिष्ठ अधिवक्ता विवेक तन्खा द्वारा कोर्ट में कांग्रेस विधायक का पक्ष रखने के लिए आभार भी जताया है।
जीतू पटवारी ने कहा “कांग्रेस लोकतंत्र की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखेगी”
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने इसे “सत्य, न्याय, लोकतंत्र और संविधान की ऐतिहासिक जीत” बताया। उन्होंने कहा कि “यह फैसला जनमत और संवैधानिक गरिमा की रक्षा का सशक्त उदाहरण है। न्यायपालिका ने साबित किया कि संविधान सर्वोपरि है और राजनीतिक षड्यंत्रों के आगे न्याय नहीं झुकता।” जीतू पटवारी ने भाजपा पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि पार्टी ने जनमत को कमजोर करने की हरसंभव कोशिश की, लेकिन सत्य की जीत हुई। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी लोकतंत्र और जनता के अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखेगी।
सत्यमेव जयते !
माननीय उच्चतम न्यायालय का फैसला स्वागत योग्य है। विजयपुर की जनता ने अपना विधायक मुकेश मल्होत्रा को चुना था, लेकिन सत्ता के अहंकार में डूबी सरकार और "पिंजरे में बंद तोते" की तरह काम करने वाले चुनाव आयोग ने जनादेश को पलटने की हर संभव कोशिश की।
आज माननीय सुप्रीम… pic.twitter.com/QYymWBiPlk
— Umang Singhar (@UmangSinghar) March 19, 2026
यह सत्य,
न्याय, लोकतंत्र,
संविधान की विजय है!
यह जनता-जनमत की जीत है!माननीय सुप्रीम कोर्ट ने विजयपुर विधानसभा सीट पर कांग्रेस के जुझारू, ऊर्जावान विधायक श्री मुकेश मल्होत्रा जी की विधायकी को बरकरार रखा है! मैं शीर्ष अदालत का हृदय से आभार व्यक्त करता हूं!
इस ऐतिहासिक निर्णय से… https://t.co/glMaY7L7Sr
— Jitendra (Jitu) Patwari (@jitupatwari) March 19, 2026
पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J.), 2001. 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल और लाइव इंडिया मुंबई में कार्य.

