बैरागढ़ के कृष्ण प्लाजा में 02 दुकानों में लाखों की चोरी, आर.सी मेकअप स्टूडियों में रखे कीमती समान को किया तहस-नहस

बैरागढ़ के कृष्ण प्लाजा में चोरों का आतंक, दो दुकानों से लाखों की चोरी

राजधानी भोपाल के व्यापारिक नगर बैरागढ़ के संत हिरदाराम जी की कुटिया के पास स्थित एक व्यावसायिक इमारत में शुक्रवार और शनिवार की दरमियानी रात चोरों ने बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया। इस घटना ने क्षेत्र में दहशत फैला दी है और पुलिस की रात्रि गश्त पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

चोरों ने महंगे सौंदर्य प्रसाधन और मेकअप के सामान चुरा लिए

चोरों ने सबसे पहले बिल्डिंग के मुख्य शटर का ताला तोड़ा और फिर अंदर लगे चैनल गेट को भी तोड़कर प्रवेश किया। रियल एस्टेट कारोबारी के कार्यालय से चोरों ने एक लैपटॉप और एक आईपैड सहित कई कीमती सामान पर हाथ साफ किया। वहीं, पास ही स्थित आरसी मेकअप स्टूडियो की संचालिक रीया चांदवानी ने बताया कि चोरों ने महंगे सौंदर्य प्रसाधन और मेकअप के सामान चुरा लिए। इतना ही नहीं, चोरों ने स्टूडियो में रखी कई महंगी मशीनों को भी तोड़ दिया, जिससे कारोबारी को बड़ा नुकसान हुआ है।

लोगों में नाराजगी 

स्थानीय निवासियों का कहना है कि संत नगर और बैरागढ़ में चोरी और लूट की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। इस वारदात से पुलिस की रात्रि गश्त की प्रभावशीलता पर सवाल उठ रहे हैं। लोगों ने पुलिस प्रशासन से गश्त बढ़ाने और चोरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके। पुलिस मामले की जांच कर रही है और चोरों को पकड़ने का प्रयास जारी है।

भोपाल से रवि कुमार की रिपोर्ट 

Sushma Bhardwaj
लेखक के बारे में
Follow Us :GoogleNews