मप्र विधानसभा अध्यक्ष के नाम को लेकर अटकलें हुई तेज, यह नाम सबसे आगे

मप्र विधानसभा अध्यक्ष के नाम को लेकर अटकलें हुई तेज, यह नाम सबसे आगे

भोपाल। विधानसभा का मानसून सत्र आगामी 20 जुलाई से शुरू होने जा रहा है। पांच दिवसीय सत्र 24 जुलाई तक चलेगा, जिसमें पांच बैठकें होंगी। विधानसभा सचिवालय द्वारा इसकी तैयारियां शुरू कर दी हैं। मानसून सत्र शुरू होने से पहले विधानसभा अध्यक्ष की तलाश शुरू हो गई है। स्पीकर के लिए भाजपा में जोड़-तोड़ शुरू हो गई है। ऐसे में भाजपा किसी एक विधायक को उम्मीदवार बनाएगी जो वरिष्ठ होने के साथ सियासी समीकरण भी साध सके। बताया जा रहा है कि इस सूची में पूर्व नेता प्रतिपक्ष गोपाल भार्गव, नागेंद्र सिंह नागौद, जगदीश देवड़ा और डॉ. सीतासरण शर्मा का नाम सबसे आगे है।

गौरतलब है कि पूर्ववर्ती कमलनाथ सरकार गिरने के बाद विधानसभा के तत्कालीन अध्यक्ष एनपी प्रजापति ने अपना इस्तीफा दे दिया था। उसके बाद जगदीश देवड़ा को प्रोटेम स्पीकर नियुक्त किया गया था। तभी से वे विधानसभा का काम देख रहे हैं। लेकिन अब जब मानसून सत्र शुरु होने वाला है, उससे पहले नए विधानसभा अध्यक्ष का चुनाव होना है। सूत्रों के अनुसार संभावित विधानसभा अध्यक्ष के नाम की सूची में कई नाम शामिल है, लेकिन संगठन हर बात को ध्यान में रखकर नाम पर मुहर लगाना चाहता है। विधानसभा अध्यक्ष की संभावित सूची में पूर्व नेता प्रतिपक्ष गोपाल भार्गव, नागेंद्र सिंह नागौद, जगदीश देवड़ा और डॉ. सीतासरण शर्मा का नाम सबसे आगे है। हालांकि, संगठन नेताओं के साथ बैठक कर सीएम इस मामले में अंतिम फैसला लेंगे। बताया जा रहा है कि शिवराज चाहते हैं कि पूर्व मंत्री गोपाल भार्गव विधानसभा अध्यक्ष बन जाएं। साथ ही संगठन के कुछ नेता भी इस पद पर गोपाल भार्गव को देखना चाहते हैं, लेकिन भार्गव पूर्व भाजपा सरकार में मंत्री थे और अब भी मंत्री ही बनना चाहते हैं।

स्पीकर पद के लिए सीतासरन शर्मा भी बड़े दावेदार हैं। शर्मा मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के करीबी माने जाते हैं। डॉ. शर्मा इससे पहले शिवराज सिंह चौहान के पिछले कार्यकाल में पांच वर्ष तक विधानसभा अध्यक्ष रहे हैं। वहीं, विधानसभा के वरिष्ठ सदस्य जगदीश देवड़ा का नाम भी स्पीकर पद के लिए प्रमुखता से लिया जा रहा है। देवड़ा अनुसूचित जाति वर्ग से हैं। भाजपा को विधानसभा की 24 सीटों पर उपचुनाव का सामना करना है। इन क्षेत्रों में अनुसूचित जाति वर्ग के वोट ज्यादा हैं तो एक संभावना यह भी है कि पार्टी देवड़ा पर दांव लगा सकती है। अभी वे प्रोटेम स्पीकर हैं। देवड़ा के अलावा उपाध्यक्ष के लिए सागर जिले के विधायक प्रदीप लारिया का नाम भी मीडिया में चल रहा है। वे तीसरी बार विधायक बने हैं। हालांकि स्पीकर के पद के लिए कई और विधायक भी दौड़ में माने जा रहे हैं।

Gaurav Sharma
लेखक के बारे में
Gaurav Sharma

निदेशक और संपादक

पत्रकारिता पेशा नहीं ज़िम्मेदारी है और जब बात ज़िम्मेदारी की होती है तब ईमानदारी और जवाबदारी से दूरी बनाना असंभव हो जाता है। एक पत्रकार की जवाबदारी समाज के लिए उतनी ही आवश्यक होती है जितनी परिवार के लिए क्यूंकि समाज का हर वर्ग हर शख्स पत्रकार पर आंख बंद कर उस तरह ही भरोसा करता है जितना एक परिवार का सदस्य करता है। पत्रकारिता मनुष्य को समाज के हर परिवेश हर घटनाक्रम से अवगत कराती है, यह इतनी व्यापक है कि जीवन का कोई भी पक्ष इससे अछूता नहीं है। यह समाज की विकृतियों का पर्दाफाश कर उन्हे नष्ट करने में हर वर्ग की मदद करती है। इसलिए पं. कमलापति त्रिपाठी ने लिखा है कि," ज्ञान और विज्ञान, दर्शन और साहित्य, कला और कारीगरी, राजनीति और अर्थनीति, समाजशास्त्र और इतिहास, संघर्ष तथा क्रांति, उत्थान और पतन, निर्माण और विनाश, प्रगति और दुर्गति के छोटे-बड़े प्रवाहों को प्रतिबिंबित करने में पत्रकारिता के समान दूसरा कौन सफल हो सकता है। View all posts by Gaurav Sharma →
Follow Us :GoogleNews