प्रेमिका की जघन्य हत्या कर चबूतरे में दफनाने वाले उदयन को सजा, चार साल बाद मिली उम्रकैद

प्रेमिका की जघन्य हत्या कर चबूतरे में दफनाने वाले उदयन को सजा, चार साल बाद मिली उम्रकैद

भोपाल, डेस्क रिपोर्ट। आकांक्षा हत्याकांड के आरोपी और सनकी सीरियल किलर उदयन दास को कानून ने सजा दे दी है। करीब चार साल पहले 2017 में पहली बार उदयन की करतूतों का खुलासा हुआ था। अब इस जघन्य हत्याकांड के आरोपी को उम्र कैद की सजा सुनाई गई है।

बता दें कि राजधानी भोपाल का खौफनाक सीरियल किलर उदयन दास हाई प्रोफाइल लाइफ जीने का आदी था और उसने अपनी प्रेमिका आकांक्षा शर्मा की हत्या की थी। आकांक्षा पंश्चिम बंगाल की रहने वाली थी और उसके घरवालों को उदयन के बारे में कोई जानकारी नहीं थी। जब उसके घर वालों ने अपनी बेटी की गुमशुदगी की शिकायत पश्चिम बंगाल के बांकुड़ा पुलिस से की तो इस मामले की जांच शुरू हुई थी। कॉल डिटेल तथा अन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने जांच शुरू की तो आकांक्षा का अंतिम लोकेशन भोपाल के साकेत नगर इलाके में मिला था। उसके बाद ही पुलिस ने उदयन हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की थी। उदयन दास ने 17 दिसंबर 2016 को अपनी प्रेमिका की हत्‍या कर शव को घर में ही दफना दिया था और उसपर एक चबूतरा बना दिया था। इतना ही नहीं, इस सनकी हत्यारे ने अपने माता  पिता की भी  हत्या कर दी थी और पुराने घर के बगीचे में दोनों की लाश को दफना दिया था। ये दोहरा हत्‍याकांड उसने 2010 में छत्‍तीसगढ़ के रायपुर में किया था। मां बाप की हत्या कर वो फर्जी तरीके से उनकी पेंशन भी ले रहा था।

अब पश्चिम बंगाल की एक अदालत ने आकांक्षा की हत्या के मामले में उसे उम्रकैद की सजा सुनाई है।हत्‍या की ये दोनों घटनाएं भोपाल और रायपुर में हुई, लेकिन उसके खिलाफ एफआईआर पश्चिम बंगाल में दर्ज की गई थी। इस पूरे मामले की सुनवाई प. बंगाल में हुई और अब बंगाल के बांकुड़ा के फास्ट ट्रैक कोर्ट ने उदयन दास को उम्रकैद की सजा सुनाई है।

Shruty Kushwaha
लेखक के बारे में
Shruty Kushwaha

पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J.), 2001. 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल और लाइव इंडिया मुंबई में कार्य.

2001 में माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय भोपाल से पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J, Masters of Journalism)। 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल, लाइव इंडिया मुंबई में कार्य अनुभव। साहित्य पठन-पाठन में विशेष रूचि। View all posts by Shruty Kushwaha →
Follow Us :GoogleNews