
encroachment removal on Bhopal Indore Highway Bairagarh
राजधानी भोपाल के व्यापारिक नगर (बैरागढ़ )के मुख्य मार्ग पर शुक्रवार को उस समय तनाव की स्थिति बन गई जब नगर निगम कर्मचारियों और सब्जी ठेले लगाने वालों के बीच झूमाझटकी हो गई। ठेले हटाने की कार्रवाई को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते इतना बढ़ गया कि मुख्य मार्ग पर करीब 25 मिनट तक चक्का जाम की स्थिति बनी रही। इससे राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।

दोनों पक्षों के बीच कहासुनी फिर धक्का-मुक्की
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, नगर निगम की टीम अतिक्रमण हटाने के उद्देश्य से मुख्य मार्ग पर खड़े सब्जी ठेलों को हटाने पहुंची थी। इसी दौरान ठेले वालों ने कार्रवाई का विरोध शुरू कर दिया। दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई, जो बाद में धक्का-मुक्की में बदल गई। विवाद के कारण मुख्य मार्ग पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात पूरी तरह ठप हो गया।

मुख्य मार्ग पर अतिक्रमण
स्थानीय लोगों का कहना है कि संतनगर के मुख्य मार्ग पर ठेले आए दिन जमे रहते हैं, जिससे सड़क काफी संकरी हो गई है। भीड़भाड़ वाले इस क्षेत्र में कभी भी बड़ी दुर्घटना होने की आशंका बनी रहती है। इसके बावजूद अतिक्रमण की समस्या पर स्थायी समाधान नहीं निकल पा रहा है। लोगों का आरोप है कि ठेले वाले अक्सर राहगीरों और दुकानदारों से भी विवाद करते रहते हैं।

निगम द्वारा पक्षपातपूर्ण कार्रवाई
वहीं ठेले वालों का कहना है कि निगम द्वारा पक्षपातपूर्ण कार्रवाई की जा रही है। उनका आरोप है कि गलियों के अंदर खड़े ठेलों को ही जब्त किया गया, जबकि मुख्य मार्ग और अन्य स्थानों पर अतिक्रमण करने वालों को छोड़ दिया गया। ठेले वालों ने यह भी दावा किया कि राजनीतिक दबाव के चलते कुछ अतिक्रमणकारियों पर कार्रवाई नहीं होती, जिससे असंतोष बढ़ रहा है।
उपनगर का पूरा व्यापार चौपट
स्थानीय व्यापारियों का कहना है कि ठेलों के कारण उपनगर का पूरा व्यापार चौपट हो गया है। दुकानों तक ग्राहकों की पहुंच मुश्किल हो गई है और जाम की स्थिति के चलते लोग बाजार आने से कतराने लगे हैं। उनका कहना है कि यदि जल्द ही ठोस कदम नहीं उठाए गए तो स्थिति और गंभीर हो सकती है।
पुलिस पहुंची मौके पर
घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पुलिस पहुंची और दोनों पक्षों को समझाइश देकर स्थिति को नियंत्रित किया। बाद में यातायात बहाल कराया गया। हालांकि, यह घटना एक बार फिर संतनगर में अतिक्रमण और अव्यवस्थित ठेला व्यवस्था की गंभीर समस्या को उजागर करती है, जिस पर प्रशासन को जल्द ठोस और निष्पक्ष कार्रवाई करने की आवश्यकता है।
निगम अधिकारी की चेतावनी
नगर निगम अधिकारियों की माने तो निगम द्वारा लगातार पिछले चार दिनों से सड़क से ठेले हटाने की मुनादी करवाई जा रही थी लेकिन ठेले वालों ने मनमानी मचा रखी थी। लगातार इन्हे सड़क से ठेले हटाने की कार्रवाही करते है, शुक्रवार को तो इन्होंने अति कर दी। झूमाझटकी हुई है, इसे लेकर हमने थाने में आवेदन देगे। अब रोजाना कार्रवाई होगी।
भोपाल से रवि कुमार की रिपोर्ट
