
Urban Transformation Summit Bhopal
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शुक्रवार को भोपाल में एक मीडिया समूह द्वारा आयोजित अर्बन ट्रांसफार्मेशन समिट का शुभारंभ किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा किशहरीकरण आज की सबसे बड़ी जरूरत है। हमारा लक्ष्य है कि लोगों का जीवन आसान, सुरक्षित और आधुनिक बने।
सीएम ने कहा कि सरकार शहरों की पहचान और उनकी पुरानी धरोहरों को बचाते हुए विकास कर रही है। स्वच्छ और ग्रीन सिटी बनाने की दिशा में योजनाबद्ध तरीके से काम हो रहा है। उन्होंने कहा कि शहरी क्षेत्रों में कार्बन उत्सर्जन को रोकना बड़ी चुनौती है, लेकिन सरकार इस दिशा में ठोस कदम उठा रही है।
भोपाल में अर्बन ट्रांसफार्मेशन समिट
सीएम डॉ. मोहन यादव ने अर्बन ट्रांसफार्मेशन समिट में कहा कि विकसित मध्यप्रदेश-2047 के तहत प्रदेश को 2 ट्रिलियन की अर्थव्यवस्था बनाने का लक्ष्य है, जिसमें शहरी क्षेत्रों की भूमिका अहम होगी। उन्होंने मध्यप्रदेश मेट्रोपॉलिटन क्षेत्र नियोजन और विकास अधिनियम, 2025 को मंजूरी मिलने की जानकारी दी। इसके अलावा, अग्नि एवं आपातकालीन सेवा अधिनियम, 2025 के जरिए आपातकालीन सेवाओं को सुदृढ़ किया जा रहा है। नई ईवी नीति से इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा दिया जा रहा है, जिसमें सब्सिडी, शुल्क में छूट और चार्जिंग ढांचे का विकास शामिल है।
शहरी विकास के लिए प्रतिबद्ध सरकार
मुख्यमंत्री ने कहा कि मेट्रो ट्रेन और फ्लाईओवर ब्रिज जैसे प्रोजेक्ट्स से शहरों में सार्वजनिक परिवहन को आधुनिक और सुगम बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा ‘भोपाल में मेट्रो का काम तेजी से चल रहा है और अक्टूबर 2025 में इसका एक कॉरिडोर शुरू हो जाएगा। इंदौर में मेट्रो सेवा पहले ही शुरू हो चुकी है। सिंहस्थ-2028 के लिए भी विशेष सुविधाओं का विकास किया जा रहा है, ताकि श्रद्धालु कम समय और ऊर्जा में धार्मिक स्थलों तक पहुंच सकें।’ सीएम ने कहा कि इंदौर लगातार आठ वर्षों से देश का सबसे स्वच्छ शहर है। साथ ही मध्यप्रदेश के अन्य प्रमुख शहर जैसे भोपाल, जबलपुर, उज्जैन और ग्वालियर भी डिजिटल सुशासन, गतिशीलता और ईज ऑफ लिविंग को बढ़ावा देते हुए उत्कृष्ट शहरों के रूप में उभरे हैं। उन्होंने कहा हमारी सरकार शहरीकरण की चुनौतियों का समाधान विकास के साथ कर रही है। स्वच्छता, मूलभूत सुविधाओं और आमजन की आवश्यकताओं को प्राथमिकता देते हुए समग्र एवं सतत शहरी विकास सुनिश्चित किया जा रहा है।
हमारी सरकार शहरीकरण की चुनौतियों का समाधान विकास के साथ कर रही है।
स्वच्छता, मूलभूत सुविधाओं और आमजन की आवश्यकताओं को प्राथमिकता देते हुए समग्र एवं सतत् शहरी विकास सुनिश्चित किया जा रहा है : CM @DrMohanYadav51 @mpurbandeptt #CMMadhyaPradesh pic.twitter.com/NLJrmDsKxh
— Chief Minister, MP (@CMMadhyaPradesh) September 26, 2025
पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J.), 2001. 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल और लाइव इंडिया मुंबई में कार्य.

