चलती गाड़ी में प्रसव पीड़ित महिला यात्री को मिली तत्काल सहायता, दिया स्वस्थ पुत्र को जन्म

चलती गाड़ी में प्रसव पीड़ित महिला यात्री को मिली तत्काल सहायता, दिया स्वस्थ पुत्र को जन्म

RAIL NEWS : बुधवार को चलती ट्रेन में एक महिला ने स्वस्थ बच्चे को जन्म दिया, दरअसल गाड़ी संख्या 22196 बांद्रा-झांसी सुपरफास्ट एक्सप्रेस में एक दंपति, जो दाहोद से जनरल टिकट लेकर स्लीपर कोच एस-7 में यात्रा कर रहे थे, उनकी पत्नी गर्भवती थी, गाड़ी के मक्सी स्टेशन से निकलने के बाद अचानक उनको पेट में बहुत तेज दर्द होने लगा। दो युवा दौड़कर गाड़ी में कार्यरत टीटीई रंजीत कुमार मीणा के पास पहुंचे और महिला बहुत परेशान होने की सूचना दी। तुरंत टीटीई रंजीत कुमार मीणा ने कमर्शियल कंट्रोल भोपाल को सूचना देकर गाड़ी को पचोर स्टेशन पर रुकवाने का निवेदन किया, जहां गाड़ी का स्टॉपेज नहीं था। कमर्शियल कंट्रोल भोपाल एंव स्टेशन सुपरिटेंडेंट पचोर के प्रयास से गाड़ी को पचोर स्टेशन पर रोका गया और मेडिकल डिपार्टमेंट पचोर सरकारी अस्पताल से एंबुलेंस को बुलाया गया।

चलती ट्रेन के कोच में ही महिलाओं ने कराई डिलेवरी 

इससे पहले गाड़ी के टीटीई ने उस डिब्बे व आसपास के डिब्बों से महिलाओं को इकट्ठा करके गर्भवती महिला को संभालने का निवेदन किया। महिलाओं ने मिलकर सकुशल व स्वस्थ डिलीवरी करवाई और खुशी की बात यह रही कि गाड़ी के पचोर स्टेशन पहुंचने के पहले ही महिला नें स्वस्थ पुत्र को जन्म दिया। उसके बाद गाड़ी पचोर पर रुकी और टीटीई व अन्य स्टाफ की मदद से उनको पचोर स्टेशन पर उतारकर सरकारी अस्पताल में भर्ती करवाया गया। महिला का नाम-शमीना बेगम – पति – शाहरुख खान निवासी- जिला भिंड बताया जा रहा है, इस प्रकार रेल कर्मचारियों द्वारा महिला रेल यात्री को तत्परता पूर्वक तत्काल सहायता पहुंचाने का सराहनीय काम किया गया।

Sushma Bhardwaj
लेखक के बारे में
Follow Us :GoogleNews