जनता से मिलने निकले ‘छोटे सरकार’, अनंत सिंह का दावा- तेजस्वी को 15 सीट भी नहीं मिलेंगी

जनता से मिलने निकले ‘छोटे सरकार’, अनंत सिंह का दावा- तेजस्वी को 15 सीट भी नहीं मिलेंगी

मोकामा के पूर्व विधायक अनंत सिंह बुधवार (6 अगस्त, 2025) को बेऊर जेल से बाहर आ गए. गुरुवार को उन्होंने मोकामा रवाना होने से पहले पटना में पत्रकारों से बातचीत की. अनंत सिंह ने बताया कि वे अब जनता से मिलना चाहते हैं. उन्होंने साफ किया कि वे इस बार जेडीयू (जनता दल यूनाइटेड) से विधानसभा चुनाव लड़ेंगे. उनके जेल से रिहा होते ही मोकामा की राजनीति में हलचल बढ़ गई है. अनंत सिंह का कहना है कि जनता से जो अपार स्नेह मिल रहा है, उससे वे भावुक हैं और उनके बीच जाकर आशीर्वाद लेंगे.

तेजस्वी यादव पर सीधा हमला, कहा- 15 सीटें भी नहीं आएंगी

पत्रकारों से बात करते हुए अनंत सिंह ने विपक्ष खासकर तेजस्वी यादव पर तीखा हमला बोला. उन्होंने कहा कि, “तेजस्वी को इस बार 15 सीटें भी नहीं मिलेंगी. जनता उनके खिलाफ है और लोग अब उनकी असलियत समझ चुके हैं.” उन्होंने यह भी तंज कसा कि जो हारने वाले होते हैं, वो कभी नहीं कहते कि हम हारेंगे, इसलिए विपक्ष चाहे जितना दावा कर ले, जनता का मूड बदल चुका है. उन्होंने लालू प्रसाद यादव की पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि जनता अब इनका जमानत भी जब्त कराएगी.

शक्ति प्रदर्शन के साथ किया जनता से संवाद

पटना से मोकामा रवाना होते वक्त अनंत सिंह का काफिला चर्चा का विषय रहा. उनके साथ सैकड़ों समर्थक और गाड़ियों का जत्था था. रास्ते में जगह-जगह स्वागत किया गया. उनके समर्थक ‘अनंत सिंह ज़िंदाबाद’ के नारे लगाते नजर आए. उनके आज के कार्यक्रम में बख्तियारपुर, अथमलगोला और बाढ़ होते हुए मोकामा पहुंचना शामिल है. वहां वे परशुराम स्थान मंदिर में पूजा करेंगे, फिर बड़हिया में मां महारानी मंदिर में आशीर्वाद लेकर अपने गांव नदवां जाएंगे.

जमानत पर रिहाई, कोर्ट ने रखी शर्तें

अनंत सिंह को पटना हाईकोर्ट ने जमानत दी है. उन पर आरोप था कि उन्होंने सोनू-मोनू नाम के युवकों के घर पर गोलीबारी की थी. कोर्ट ने केस डायरी और साक्ष्यों की समीक्षा के बाद पाया कि उन्हें शर्तों के साथ जमानत दी जा सकती है. शर्तों के तहत उन्हें न्यायिक प्रक्रिया में सहयोग देना होगा और किसी आपराधिक गतिविधि में शामिल नहीं होना है. उनकी रिहाई के साथ ही मोकामा की राजनीति फिर से गर्मा गई है, और सियासी पारा चढ़ चुका है।

लेखक के बारे में
Follow Us :GoogleNews