बिहार के भोजपुर जिले में हुए कथित भरत तिवारी एनकाउंटर मामले ने राज्य की राजनीति में बड़ा विवाद खड़ा कर दिया है। दरअसल इस घटना को लेकर बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री और राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) के नेता तेजस्वी यादव ने सम्राट चौधरी सरकार और बिहार पुलिस पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने इस मुठभेड़ को ‘फर्जी’ बताते हुए कहा कि यह कोई पहली घटना नहीं है, बल्कि इससे पहले भी कई ‘फर्जी एनकाउंटर’ हुए हैं। तेजस्वी यादव ने आरोप लगाया कि बिहार पुलिस कई बार जाति देखकर फर्जी एनकाउंटर करती है और इस मामले में भी ऐसा ही हुआ है।
दरअसल आरजेडी नेता तेजस्वी यादव ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि थानों के अंदर भी पुलिस ने कई लोगों की जान ली है। उन्होंने इस बारे में कुछ पुरानी घटनाओं का भी जिक्र किया। तेजस्वी ने बताया कि गायघाट में हुई घटना के बाद वे खुद वहां गए थे। इसके अलावा, मधुबनी और मुजफ्फरपुर जिलों में भी पुलिस थानों के अंदर मारपीट के कारण लोगों की मौत हुई थी। उन्होंने जोर देकर कहा कि बिहार पुलिस कई फर्जी एनकाउंटर करवा चुकी है और आरा में हुए इस कथित फर्जी एनकाउंटर पर सम्राट चौधरी को जनता से माफी मांगनी चाहिए।
सम्राट सरकार पर लगाए गंभीर आरोप
वहीं तेजस्वी यादव ने सम्राट चौधरी की सरकार को घेरते हुए राज्य की आर्थिक स्थिति पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि बिहार सरकार का खजाना पूरी तरह खाली हो चुका है। भ्रष्टाचार के मामलों पर बोलते हुए उन्होंने ‘रिशु मामले’ का जिक्र किया और आरोप लगाया कि भ्रष्टाचारियों को बचाने के लिए लगातार अधिकारियों को या तो उनके पदों से हटाया जा रहा है या उन पर कार्रवाई की जा रही है। तेजस्वी ने दावा किया कि ‘रिशु मामले’ में कई बड़े लोग शामिल हैं, जिन्हें बचाने की पूरी कोशिश की जा रही है। उनका कहना था कि सरकार जनता का ध्यान असली मुद्दों से हटाने के लिए ऐसे तरीके अपना रही है।
सिर्फ फर्जी एनकाउंटर करवाएगी यह सरकार: तेजस्वी यादव
पूर्व उपमुख्यमंत्री ने अपनी पुरानी बात दोहराते हुए कहा कि उन्होंने पहले भी कहा था कि यह सरकार कोई काम नहीं करेगी। तेजस्वी के अनुसार, यह सरकार सिर्फ फर्जी एनकाउंटर करवाएगी, शहरों, जगहों और संस्थानों के नाम बदलेगी। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार उनकी सुरक्षा और घर को लेकर भी बेवजह मुद्दे खड़े करेगी। तेजस्वी यादव ने कहा कि सरकार के पास पैसा नहीं है और अपनी नाकामियों को छिपाने के लिए ऐसे कदम उठा रही है। उन्होंने चुनाव के दौरान किए गए वादे की याद दिलाते हुए सम्राट चौधरी से पूछा कि महिलाओं को दो-दो लाख रुपये देने का वादा किया गया था, तो अब उन्हें 1 लाख 90 हजार रुपये कब मिलेंगे? तेजस्वी ने यह भी आरोप लगाया कि ऐसे सवाल पूछने पर उनकी सुरक्षा वापस ले ली जाती है और उनके घर को बदलने की कोशिश की जाती है।
बिहार में कानून-व्यवस्था पूरी तरह खराब हो चुकी: तेजस्वी यादव
तेजस्वी यादव ने ‘रिशु जैसे’ भ्रष्टाचार के मामलों को उठाने पर फर्जी एनकाउंटर कराए जाने का आरोप भी लगाया। उन्होंने दावा किया कि पूरे बिहार में कानून-व्यवस्था पूरी तरह खराब हो चुकी है और अपराधियों का दबदबा है। आरजेडी नेता ने तीखे शब्दों में कहा कि पुलिस की गोली सिर्फ निर्दोष लोगों की छाती पर चलती है, जबकि बड़े-बड़े अपराधी और गुंडे पुलिस की सुरक्षा में रहते हैं। उन्होंने शिक्षक रौशन आनंद की मांगों को लेकर भी अपनी बात रखी और कहा कि उन्होंने इस मामले को मुख्यमंत्री के सामने उठाया है। तेजस्वी ने भरोसा दिलाया कि इस घटना में जो भी दोषी होंगे, उन पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।






