बिहार पुलिस ने फैजल खान उर्फ खान सर के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने से इनकार कर दिया है। वहीं इसके बाद रोशन आनंद ने सख्त रुख अपना लिया है। बिहार कोचिंग विवाद मामले के बाद प्रिंस की हत्या का मामला लगातार चर्चा में बना हुआ है। रोशन आनंद लगातार खान सर के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने की मांग कर रहे हैं।
दरअसल पुलिस द्वारा एफआईआर दर्ज न किए जाने पर रोशन आनंद ने गहरी नाराजगी जताई है। उन्होंने सीधे तौर पर पुलिस के कामकाज पर सवाल उठाए। रोशन आनंद ने अपना अनुभव बताते हुए कहा, “पिछले दिनों हमारे खिलाफ झूठी एफआईआर दर्ज हुई थी। पटना पुलिस ने एफआईआर दर्ज होने के चार घंटे के भीतर हमें गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।”
जानिए रोशन आनंद ने क्या कहा?
उन्होंने अपनी स्थिति बताते हुए कहा, “जो असली घटना हुई है, उसे लेकर हम यहां आए हैं। हम यहां पिछले पांच घंटे से ज्यादा समय से बैठे हुए हैं। इसके बावजूद हमारी एफआईआर अब तक दर्ज नहीं हुई है।” रोशन आनंद ने पुलिस के रवैये पर नाराजगी जाहिर की। रोशन आनंद ने आगे की योजना के बारे में भी बताया। उन्होंने कहा, “हमें आईजी की ओर से आश्वासन मिला है कि कल दोपहर 12 बजे तक हमारी एफआईआर दर्ज हो जाएगी। अगर ऐसा नहीं होता है तो हम आगे अदालत का दरवाजा खटखटाएंगे।” उन्होंने साफ कहा कि वह न्याय के लिए हर संभव कोशिश करेंगे। रोशन आनंद ने बिहार की डबल इंजन सरकार और देश की न्याय व्यवस्था पर भरोसा जताया। उन्होंने कहा, “हमें पूरा विश्वास है कि हमें न्याय मिलेगा।” उन्होंने यह भी बताया कि न्यायपालिका की वजह से ही उन्हें जमानत मिल सकी है।
रोशन आनंद भावुक हो गए
अपनी मानसिक स्थिति का जिक्र करते हुए रोशन आनंद भावुक हो गए। उन्होंने कहा, “जैसा कि आप देख सकते हैं, मैंने अभी भी वही टी-शर्ट पहनी हुई है। इसी टी-शर्ट में हम जेल से बाहर निकले थे। इसी टी-शर्ट में अपने भाई का अंतिम संस्कार भी किया। अभी भी मैं इसी टी-शर्ट में हूं। आप मेरी मानसिक स्थिति और उन हालात को समझ सकते हैं।” भाई की मौत के बाद रोशन आनंद ने सच की जीत पर जोर दिया। उन्होंने कहा, “सत्य परेशान हो सकता है, लेकिन हार नहीं सकता। आखिर में जीत सच की ही होती है।” उन्होंने महाभारत का उदाहरण देते हुए कहा, “महाभारत के युद्ध में पांडवों को बहुत परेशान किया गया था। उन्हें लक्षागृह में मारने की कोशिश की गई थी। लेकिन पांडव सच के साथ थे। वे परेशान हुए, लेकिन आखिर में जीत उनकी ही हुई।”






