Hindi News

Untitled

Written by:Deepak Kumar
Published:
Last Updated:
Untitled

भारतीय जनता पार्टी के सांसद संजय जायसवाल ने प्रशांत किशोर पर सोशल मीडिया के जरिए बड़ा हमला बोला है. उन्होंने लिखा कि अगर प्रशांत किशोर के पास बिहार के युवाओं को करोड़पति बनाने का कोई “नीम-हकीम नुस्खा” है, तो उसे छुपाकर रखने की बजाय युवाओं को बताना चाहिए. जायसवाल ने तंज कसते हुए कहा कि यही असली बदलाव यात्रा होगी. उन्होंने आरोप लगाया कि किशोर ने छात्र जीवन में मुख्य परीक्षा की बजाय सप्लीमेंट्री से पास किया था और अब तक उनके कई सवालों का जवाब नहीं दिया है.

घाटे वाली कंपनियों से करोड़ों के दान पर सवाल

जायसवाल ने पोस्ट में लिखा कि प्रशांत किशोर जिस तरह जॉय ऑफ गिविंग ग्लोबल फाउंडेशन के लिए फंड जुटाते हैं, अगर वही फार्मूला बिहार के युवाओं को बता दें तो वे भी करोड़पति बन सकते हैं. उन्होंने सवाल उठाया कि रामसेतु इंफ्रास्ट्रक्चर प्राइवेट लिमिटेड जैसी कंपनी, जो 19 करोड़ घाटे में चल रही है, वह 14 करोड़ रुपए का दान कैसे कर देती है? जायसवाल ने तंज कसते हुए कहा कि इस चमत्कारी फॉर्मूले का खुलासा होना चाहिए ताकि बिहार की जनता को भी इसका फायदा मिल सके.

‘घाटे की कंपनियों का इलू इलू क्या है?’

बीजेपी सांसद ने आगे लिखा कि स्क्वायर स्पेस कंपनी की कुल हैसियत 10 करोड़ है, इसका घाटा भी 10 करोड़ है और फिर भी यह 10 करोड़ का दान करती है. उन्होंने व्यंग्य करते हुए कहा कि यह मामला बिल्कुल फिल्म सौदागर के गाने “इलू इलू” जैसा है. जायसवाल ने पूछा कि घाटे में चल रही कंपनियां आखिर इतनी उदारता क्यों दिखाती हैं और इसके पीछे असली राज क्या है? उन्होंने कहा कि यह पारदर्शिता का गंभीर सवाल है, जिसका जवाब किशोर को देना चाहिए.

लालू से बड़ा दान लेने वाला करार दिया

संजय जायसवाल ने किशोर की तुलना लालू यादव से करते हुए कहा कि बिहार लालू यादव की जमीन दान लेने की क्षमता से अच्छी तरह वाकिफ है, लेकिन किशोर तो उनसे भी आगे निकल गए हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि घोटालों और फंडिंग के मामले में किशोर लालू से भी “बड़ी हस्ती” साबित हो रहे हैं. जायसवाल ने कहा कि बिहार की जनता को असली हक तभी मिलेगा, जब इस तरह की फंडिंग के रहस्यों को उजागर किया जाएगा और युवाओं को असली विकास का रास्ता दिखाया जाएगा.