Hindi News

बिहार चुनाव 2025: एयरपोर्ट, वंदे भारत, नई रेल लाइन, बिहार को फिर बड़ी सौगात देने आ रहे PM मोदी

Written by:Deepak Kumar
Published:
बिहार चुनाव 2025: एयरपोर्ट, वंदे भारत, नई रेल लाइन, बिहार को फिर बड़ी सौगात देने आ रहे PM मोदी

बिहार में इस साल (2025) विधानसभा चुनाव होने हैं और इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लगातार राज्य का दौरा कर रहे हैं। इसी कड़ी में पीएम मोदी 15 सितंबर को फिर से बिहार आएंगे। इस बार उनका कार्यक्रम पूर्णिया एयरपोर्ट के उद्घाटन से जुड़ा है। लंबे इंतजार के बाद सीमांचल क्षेत्र को अपना एयरपोर्ट मिलने जा रहा है, जिससे यहां हवाई सेवाओं की शुरुआत होगी।

वंदे भारत और रेल परियोजनाओं की सौगात

प्रधानमंत्री मोदी इस दौरे में न सिर्फ एयरपोर्ट का उद्घाटन करेंगे बल्कि बिहार को नई वंदे भारत एक्सप्रेस, नई रेल लाइन समेत कई योजनाओं की सौगात देंगे। इन परियोजनाओं से न सिर्फ सीमांचल बल्कि राज्य के अलग-अलग हिस्सों को कनेक्टिविटी का फायदा मिलेगा।

पूर्णिया में होगी बड़ी जनसभा

पीएम मोदी पूर्णिया के एसएसबी कैंप मैदान में एक विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे। यह सभा केवल पूर्णिया तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि अररिया, किशनगंज और कटिहार जैसे पड़ोसी जिलों से भी बड़ी संख्या में लोगों के आने की संभावना जताई जा रही है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि इस सभा के जरिए भाजपा और एनडीए सीमांचल के वोटरों को साधने की कोशिश करेंगे।

बीजेपी नेताओं ने लिया तैयारियों का जायजा

प्रधानमंत्री के कार्यक्रम को लेकर भाजपा नेताओं की गतिविधियां तेज हो गई हैं। हाल ही में बिहार भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल पूर्णिया पहुंचे और सभा स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने दावा किया कि चार जिलों से लाखों की संख्या में लोग पीएम मोदी का संबोधन सुनने आएंगे। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार समेत एनडीए के कई बड़े नेता भी मौजूद रहेंगे।

एयरपोर्ट उद्घाटन की तैयारियां अंतिम चरण में

पूर्णिया एयरपोर्ट को लेकर प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। अधिकारी लगातार काम की समीक्षा कर रहे हैं और निर्माण कार्य अंतिम चरण में है। कुछ दिन पहले हुई हाई-लेवल बैठक में बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, केंद्रीय मंत्री ललन सिंह, राज्यसभा सांसद संजय झा, पुलिस महानिदेशक विनय कुमार और कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।

Deepak Kumar
लेखक के बारे में
तेज ब्रेकिंग के साथ सटीक विश्लेषण और असरदार लेखन में माहिर हैं। देश-दुनिया की हलचल पर नजर रखते हैं और उसे सरल व असरदार तरीके से लिखना पसंद करते हैं। तीन सालों से खबरों की दुनिया से जुड़े हैं। View all posts by Deepak Kumar
Follow Us :GoogleNews