बेगूसराय: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार शनिवार को अपनी एक टिप्पणी के कारण फिर से सुर्खियों में आ गए। बेगूसराय में एक सरकारी कार्यक्रम के दौरान, जब कुछ महिलाएं उनके भाषण के बीच से उठकर जाने लगीं, तो सीएम ने उन्हें टोकते हुए सवाल किया, जिससे एक नया विवाद खड़ा हो गया है।
यह घटना नीतीश कुमार की ‘समृद्धि यात्रा’ के तहत बरौनी प्रखंड के बियाडा कैंपस में आयोजित एक कार्यक्रम की है। यहां मुख्यमंत्री लगभग 376 करोड़ रुपये की 400 योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करने पहुंचे थे। अपने संबोधन के दौरान उन्होंने देखा कि भीड़ में से कुछ महिलाएं कार्यक्रम स्थल से बाहर जा रही हैं।
ये भी पढ़ें
भाषण के बीच में क्या बोले नीतीश?
महिलाओं को जाते देख नीतीश कुमार ने मंच से ही उन्हें संबोधित करते हुए कहा, “अरे कहां जा रही हो, बंद कर दें क्या?” उनकी इस टिप्पणी के बाद वहां मौजूद लोग हैरान रह गए। यह वीडियो क्लिप अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है और लोग इस पर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं।
“अरे कहां जा रही हो, बंद कर दें क्या?”- नीतीश कुमार, मुख्यमंत्री, बिहार
कई लोग मुख्यमंत्री के इस लहजे को असहज और अनुचित मान रहे हैं, जबकि कुछ इसे सहज संवाद बता रहे हैं। यह पहली बार नहीं है जब नीतीश कुमार अपने बयानों को लेकर चर्चा में आए हैं। इससे पहले भी विधानसभा में दिए गए उनके कुछ बयानों पर काफी विवाद हुआ था।
सम्राट चौधरी की तारीफ भी बनी चर्चा का विषय
इस कार्यक्रम में नीतीश कुमार ने न सिर्फ अपनी टिप्पणी से ध्यान खींचा, बल्कि उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की जमकर सराहना भी की। उन्होंने सम्राट चौधरी को मेहनती बताते हुए उनकी प्रशंसा की, जो राजनीतिक हलकों में चर्चा का एक और विषय बन गया। गौरतलब है कि कुछ समय पहले तक सम्राट चौधरी, नीतीश कुमार के मुखर आलोचकों में से एक थे। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने 376 करोड़ की लागत वाली विभिन्न विकास योजनाओं की शुरुआत की।