बिहार सरकार ने गवर्नमेंट स्कूल में पढ़ने वाले छात्रों और इंजीनियरिंग तथा मेडिकल प्रवेश परीक्षाओं की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए एक बेहतरीन कदम उठाया है। दरअसल, इन छात्रों के लिए पटना के 10 मॉडल स्कूलों में बिहार स्कूल लाइव क्लासेस और जेईई-नीट की मुफ्त कोचिंग लगाए जाने का ऐलान किया गया है।
बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने इस मुफ़्त कोचिंग कार्यक्रम की शुरुआत की है। पहले चरण में छात्रों को लाइव क्लास, डिजिटल स्टडी मैटेरियल और एक्सपर्ट फैकल्टी के साथ स्मार्ट क्लासरूम की सुविधा मिलने वाली है। अभी इसे 10 स्कूलों से शुरू किया गया है लेकिन आने वाले समय में इस योजना को राज्य के सभी 150 मॉडल स्कूलों तक पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है। ये कदम इसलिए उठाया गया है ताकि सरकारी स्कूल के छात्र बिना किसी फीस के प्रतियोगी परीक्षाओं की बेहतरीन तैयारी कर सकें।
छात्रों ने कराया रेजिस्ट्रेशन
योजना के पहले चरण में 10 मॉडल स्कूलों को लाइव टीचिंग सिस्टम से जोड़ दिया गया है। बिहार विद्यालय परीक्षा समिति द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक जेईई परीक्षा की तैयारी के लिए 266 और नीट के लिए 252 छात्रों में रजिस्ट्रेशन कराया है। सरकार ने यह ऐलान किया है कि शुरुआती चरण के बाद सुविधा का विस्तार सभी मॉडल स्कूलों में किया जाएगा।
युवाओं के सपनों को मिल रही नई उड़ान!
माननीय मुख्यमंत्री श्री @samrat4bjp जी के नेतृत्व में बिहार के 150 मॉडल स्कूलों में ‘बिहार स्कूल लाइव क्लासेज’ की शुरुआत की गई है।
छात्रों के लिए JEE, NEET और CUET की मुफ्त तैयारी हेतु ऑनलाइन कोचिंग कार्यक्रम अभियान का भी शुभारंभ किया गया… pic.twitter.com/ZEsJwTyXRU
— BJP Bihar (@BJP4Bihar) July 18, 2026
कौन से छात्र ले सकते हैं लाभ
इस योजना को फिलहाल बिहार के मॉडल स्कूल में पढ़ने वाले विद्यार्थियों के लिए शुरू किया गया है। अभी केवल पटना के 10 मॉडल स्कूलों के छात्र इसमें शामिल किए गए हैं। थोड़े समय बाद दूसरे जिले के मॉडल स्कूल के विद्यार्थी भी इस योजना का लाभ उठा पाएंगे। सरकार का उद्देश्य है कि आर्थिक रूप से कमजोर और सरकारी स्कूल में पढ़ने वाले छात्रों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिले ताकि उन्हें प्राइवेट कोचिंग सेंटर न जाना पड़े।
मिलेगी ये सुविधा
इस योजना के तहत छात्रों को बिना किसी फीस के प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कराई जाने वाली है। इसके लिए क्वालिटी से भरपूर शिक्षण सामग्री, एक्सपीरियंस शिक्षक, रोजाना डाउट क्लियर सेशन और मोबाइल ऐप पर आधारित इंटरएक्टिव लर्निंग के साथ हर 15 दिन बाद मूल्यांकन परीक्षा का आयोजन किया जाएगा। हर मॉडल स्कूल में फिजिक्स, केमिस्ट्री, मैथ्स और बायोलॉजी के लिए सब्जेक्ट एक्सपर्ट नियुक्त किए जाएंगे। शुरुआती तौर पर 10 स्कूलों में 40 शिक्षकों की तैनाती की गई है।
शिक्षा के क्षेत्र में बिहार की ऐतिहासिक छलांग!
आज राजकीय कन्या उच्च माध्यमिक विद्यालय, शास्त्रीनगर, पटना से ‘बिहार स्कूल लाइव क्लासेज’ का शुभारंभ किया। इस अभिनव पहल के साथ अब सरकारी विद्यालयों के विद्यार्थियों को भी विशेषज्ञ शिक्षकों द्वारा लाइव कक्षाएँ, डिजिटल अध्ययन सामग्री,… pic.twitter.com/9ipFCtArTW
— Samrat Choudhary (@samrat4bjp) July 16, 2026
कब से कब तक चलेगी कोचिंग
इस कोचिंग का समय शाम 6 बजे से 7 बजे तक रखा गया है। यह समय इसलिए तय किया गया है ताकि छात्रों की नियमित पढ़ाई प्रभावित न हो। ऐसे में विद्यार्थी अपने स्कूल की पढ़ाई के साथ प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी आसानी से कर सकेंगे।
कैसे करें आवेदन
बिहार सरकार द्वारा फिलहाल ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया के बारे में कोई जानकारी नहीं दी गई है। पटना के 10 चयनित मॉडल स्कूलों में योजना का पहला चरण शुरू किया गया है। फिलहाल इन्हीं स्कूलों के विद्यार्थी योजना का लाभ ले सकते हैं। जैसे-जैसे योजना का विस्तार होगा संबंधित स्कूलों और बिहार विद्यालय परीक्षा समिति की ओर से छात्रों के रजिस्ट्रेशन और चयन की प्रक्रिया को शुरू किया जाएगा।






