शिक्षकों के तबादले को हरी झंडी, 31 दिसंबर 2025 तक होगी पोस्टिंग, राज्य सरकार ने जारी की नई गाइडलाइन

बिहार में नई सरकार बनते ही शिक्षा विभाग ने 22,732 शिक्षकों के तबादले की प्रक्रिया शुरू कर दी है। विभाग ने विस्तृत टाइमलाइन जारी की है, जिसके तहत 31 दिसंबर 2025 तक शिक्षकों को उनके पसंदीदा स्कूलों में पोस्टिंग मिल जाएगी।
शिक्षकों के तबादले को हरी झंडी, 31 दिसंबर 2025 तक होगी पोस्टिंग, राज्य सरकार ने जारी की नई गाइडलाइन

पटना: बिहार में नई सरकार के गठन के 24 घंटे के भीतर ही शिक्षा विभाग ने एक बड़ा फैसला लिया है। महीनों से अपने ट्रांसफर-पोस्टिंग का इंतजार कर रहे राज्य के 22,732 शिक्षकों को राहत देते हुए विभाग ने तबादले की नई गाइडलाइन जारी कर दी है। इसके तहत सभी शिक्षकों को नए साल से पहले यानी 31 दिसंबर 2025 तक नियुक्ति पत्र मिल जाएंगे।

यह फैसला मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के शपथ ग्रहण के तुरंत बाद आया है, जिसे शिक्षा विभाग की तरफ से शिक्षकों के लिए नए साल का तोहफा माना जा रहा है। इन शिक्षकों में TRE-1 और TRE-2 के शिक्षक शामिल हैं, जिन्होंने सितंबर 2025 में तबादले के लिए आवेदन किया था।

ऐसे होगी पूरी ट्रांसफर प्रक्रिया

शिक्षा विभाग की गाइडलाइन के अनुसार, शिक्षकों को अपने आवंटित जिले के भीतर अपनी पसंद के पांच ब्लॉक का ऑप्शन देना होगा। इसके बाद जिलाधिकारी की अध्यक्षता में गठित एक समिति सॉफ्टवेयर के माध्यम से शिक्षकों के विकल्प और उपलब्ध जगहों के आधार पर स्कूल आवंटित करेगी।

यह प्रक्रिया पूरी तरह से पारदर्शी और मेरिट आधारित होगी। ट्रांसफर लेटर में शिक्षकों को ज्वाइन करने की तारीख भी स्पष्ट रूप से बताई जाएगी और निर्धारित समय सीमा के अंदर ज्वाइन करना अनिवार्य होगा।

तबादला प्रक्रिया की महत्वपूर्ण तारीखें

विभाग ने पूरी प्रक्रिया के लिए एक विस्तृत टाइमलाइन जारी की है ताकि किसी भी स्तर पर कोई देरी न हो।

  • 10 से 15 दिसंबर 2025: शिक्षकों के लिए प्रखंड आवंटन की प्रक्रिया।
  • 16 दिसंबर 2025: स्कूल आवंटन की प्रक्रिया की शुरुआत।
  • 31 दिसंबर 2025: अंतिम पोस्टिंग ऑर्डर जारी करने की तारीख।

पोस्टिंग में किसे मिलेगी प्राथमिकता?

सरकार ने तबादला प्रक्रिया में कुछ विशेष श्रेणियों को प्राथमिकता देने का फैसला किया है। इसके लिए एक प्रिफरेंस लिस्ट तैयार की गई है, जो इस प्रकार है:

सबसे पहले दिव्यांग महिला शिक्षकों को मौका दिया जाएगा। इसके बाद दिव्यांग पुरुष शिक्षकों को प्राथमिकता मिलेगी। फिर प्रिफरेंस क्रम में अधिक उम्र वाले शिक्षक, विशिष्ट शिक्षक और नियमित शिक्षक आएंगे। इस सूची में सबसे अंत में BPSC से चयनित शिक्षकों का ट्रांसफर किया जाएगा। आवंटन के लिए ब्लॉकवार, स्कूलवार और विषयवार खाली सीटों को आधार बनाया जाएगा।

41 हजार से ज्यादा ने किया था आवेदन

गौरतलब है कि शिक्षकों के ट्रांसफर-पोस्टिंग के लिए सितंबर 2025 में ऑनलाइन आवेदन लिए गए थे। इसमें TRE-1 और TRE-2 के कुल 41,684 शिक्षकों ने आवेदन किया था। हालांकि, TRE-3 के शिक्षकों को इस प्रक्रिया में शामिल नहीं किया गया था। कुल आवेदनों में से फिलहाल 22,732 शिक्षकों के जिला आवंटन की कार्रवाई पूरी कर उन्हें पोस्टिंग दी जा रही है।

Banshika Sharma
लेखक के बारे में
Banshika Sharma

कंटेंट राइटर

मेरा नाम बंशिका शर्मा है। मैं एमपी ब्रेकिंग न्यूज़ में कंटेंट राइटर के तौर पर काम करती हूँ। मुझे समाज, राजनीति और आम लोगों से जुड़ी कहानियाँ लिखना पसंद है। कोशिश रहती है कि मेरी लिखी खबरें सरल भाषा में हों, ताकि हर पाठक उन्हें आसानी से समझ सके। View all posts by Banshika Sharma →
Follow Us :GoogleNews