Hindi News

Jehanabad News: राहुल-तेजस्वी और लालू पर बरसे भाजपा प्रवक्ता अजय आलोक, वोटर अधिकार यात्रा को बताया फर्जी

Written by:Deepak Kumar
Published:
Jehanabad News: राहुल-तेजस्वी और लालू पर बरसे भाजपा प्रवक्ता अजय आलोक, वोटर अधिकार यात्रा को बताया फर्जी

बीते 17 अगस्त 2025 से राहुल गांधी और तेजस्वी यादव बिहार में वोटर अधिकार यात्रा पर हैं। महागठबंधन का दावा है कि एनडीए सरकार चुनाव आयोग के साथ मिलकर वोट चोरी कर रही है। इस बीच भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता डॉ. अजय आलोक ने रविवार को जहानाबाद में प्रेसवार्ता कर इस यात्रा पर हमला बोला। उन्होंने इसे फर्जी यात्रा करार देते हुए कहा कि यह देश में अराजकता फैलाने की सुनियोजित साजिश है। अजय आलोक ने राहुल गांधी और राजद नेताओं पर तीखे आरोप लगाए।

राहुल गांधी पर विवादित टिप्पणी

अजय आलोक ने राहुल गांधी का नाम लेकर विवादित बयान दिया। उन्होंने कहा कि जिन्हें अपना असली नाम बताने में शर्म आती है, वे जनता के नेता कैसे बन सकते हैं। उन्होंने दावा किया कि राहुल गांधी का असली नाम राहुल गेंड़ी है और उनके दादा फिरोज गेंड़ी भी जबरदस्ती गांधी बने थे। उन्होंने कहा, “जहानाबाद गांधी की राह पर चलेगा, गेंड़ी की नहीं।”

राजद नेताओं पर निशाना

अजय आलोक ने राजद नेताओं पर भी तीखा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि 2005 तक जहानाबाद की बदहाली के लिए कौन जिम्मेदार था, यह जनता जानती है। उन्होंने कहा कि इस यात्रा का असली उद्देश्य अराजकता फैलाना है ताकि संविधानिक व्यवस्थाओं में लोगों का विश्वास टूट जाए। उन्होंने तेजस्वी यादव और राहुल गांधी को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि देश में केवल दो परिवार प्रभावशाली हैं – बिहार में लालू परिवार और देश में राहुल परिवार।

राजनीतिक आरोप और एफआईआर का पलटवार

अजय आलोक ने अदालत द्वारा लालू यादव को 5-5 मामलों में दोषी करार दिए जाने का जिक्र किया। उन्होंने तेजस्वी यादव पर हुए एफआईआर पर टिप्पणी करते हुए कहा कि ये लोग मोटी चमड़ी के हैं और इनके ऊपर एफआईआर का कोई असर नहीं पड़ता। उन्होंने आरोप लगाया कि वोट चोरी की बात वही कर सकता है, जिसके खानदान ने इतिहास में वोट चोरी की।

इतिहास में वोट चोरी के आरोप

अजय आलोक ने कहा कि पहली बार स्वर्गीय इंदिरा गांधी ने वोट चोरी की, जिसे कोर्ट ने पर्दाफाश किया। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि राजीव गांधी और फारूक अब्दुल्ला ने मिलकर 1987 में कश्मीर में वोट चोरी की, जिसके बाद कश्मीर लगातार आतंक के साये में रहा। उन्होंने कहा कि आज वही परिवार वोट चोरी करने वाले बूथ लूटने वालों को अपने साथ लेकर यात्रा कर रहे हैं।

भाजपा कार्यकर्ताओं का स्वागत

सर्किट हाउस में आयोजित प्रेसवार्ता में भाजपा जिलाध्यक्ष धीरज कुमार सहित कई भाजपा कार्यकर्ता मौजूद थे। उन्होंने अजय आलोक का जोरदार स्वागत किया। अजय आलोक की प्रेस वार्ता में उपस्थित कार्यकर्ताओं ने भी उनके समर्थन में उत्साह दिखाया।