
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने रविवार को पटना स्थित ‘संकल्प’ भवन से एक बड़ी राहत की सौगात दी। उन्होंने 1 करोड़ 12 लाख से अधिक पेंशनधारियों के बैंक खातों में 1247.34 करोड़ रुपये की राशि ट्रांसफर की। यह राशि जुलाई माह की सामाजिक सुरक्षा पेंशन के रूप में 1100 रुपये प्रति लाभुक दर से भेजी गई है।
मुख्यमंत्री ने की समय पर पेंशन ट्रांसफर की सराहना
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि यह बहुत संतोष की बात है कि सभी वृद्ध, विधवा और दिव्यांगजनों को समय पर पेंशन की राशि उनके खाते में प्राप्त हो रही है। उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि हर माह की 10 तारीख को पेंशन लाभुकों के खाते में पहुंच जाए।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि कोई भी पात्र व्यक्ति इस योजना से वंचित न रहे। मुख्यमंत्री ने यह भी याद दिलाया कि जून माह से पेंशन राशि 400 रुपये से बढ़ाकर 1100 रुपये कर दी गई है, जिससे लाभुकों को वास्तविक सहायता मिल सके।
वंदना प्रेयसी ने दी टोल-फ्री नंबर की जानकारी
समाज कल्याण विभाग की सचिव वंदना प्रेयसी ने इस अवसर पर बताया कि विभाग मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार पेंशन वितरण में पारदर्शिता और सुलभता बनाए रखने के लिए प्रयासरत है।
उन्होंने जानकारी दी कि पेंशन से संबंधित किसी भी जानकारी या शिकायत के लिए टोल-फ्री नंबर 18003456262 जारी किया गया है। यह नंबर सोमवार से शनिवार तक चालू रहेगा, ताकि लाभार्थियों को किसी तरह की असुविधा न हो।
जून माह में भी मिली थी 1100 रुपये की राशि
मुख्यमंत्री ने बताया कि पेंशन राशि बढ़ाने का निर्णय जून 2025 से लागू किया गया था। इसके तहत 11 जुलाई को 1 करोड़ 11 लाख लाभुकों को भी 1100 रुपये की दर से जून माह की पेंशन भेजी गई थी, जिस पर 1227 करोड़ रुपये का खर्च आया था।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की यह पहल गरीब, बुजुर्ग, विधवा और दिव्यांगजनों को सम्मानजनक जीवन देने की दिशा में एक ठोस कदम है।
राज्य में चल रही हैं 6 सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाएं
बिहार में कुल 6 सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाएं लागू हैं। इनमें 3 केंद्र सरकार की योजनाएं और 3 राज्य सरकार की योजनाएं हैं।
केंद्र की योजनाएं हैं:
- इंदिरा गांधी राष्ट्रीय वृद्धावस्था पेंशन योजना
- इंदिरा गांधी राष्ट्रीय विधवा पेंशन योजना
- इंदिरा गांधी राष्ट्रीय निःशक्तता पेंशन योजना
राज्य की योजनाएं हैं:
- लक्ष्मीबाई सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना
- बिहार निःशक्तता पेंशन योजना
- मुख्यमंत्री वृद्धजन पेंशन योजना
इन योजनाओं के तहत लाखों लोगों को हर महीने आर्थिक सहायता दी जाती है, जिससे वे अपनी बुनियादी जरूरतें पूरी कर सकें।
