Hindi News

प्रशांत किशोर ने शुरू की ‘बिहार नवनिर्माण यात्रा’, मोदी-नीतीश सरकार से की महिलाओं के लिए 2 लाख रुपये की मांग

Written by:Gaurav Sharma
Published:
जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर ने रविवार को बगहा से अपनी 'बिहार नवनिर्माण यात्रा' का आगाज कर दिया है। इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करना और केंद्र व राज्य सरकार पर महिलाओं को 2-2 लाख रुपये देने के चुनावी वादे को पूरा करने के लिए दबाव बनाना है।
प्रशांत किशोर ने शुरू की ‘बिहार नवनिर्माण यात्रा’, मोदी-नीतीश सरकार से की महिलाओं के लिए 2 लाख रुपये की मांग

बगहा: बिहार विधानसभा चुनाव में कोई भी सीट न जीत पाने के बाद जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर एक बार फिर पूरी तरह से सक्रिय हो गए हैं। उन्होंने रविवार को पश्चिम चंपारण के बगहा से ‘बिहार नवनिर्माण यात्रा’ की शुरुआत की। इस यात्रा का ऐलान करते हुए उन्होंने स्पष्ट किया कि इसका लक्ष्य बिहार में एक मजबूत और ईमानदार राजनीतिक विकल्प तैयार करना है, जिसके लिए संगठन को जमीनी स्तर पर फिर से पुनर्गठित किया जाएगा।

यात्रा की शुरुआत के मौके पर प्रशांत किशोर ने कहा कि जन सुराज जनता के बीच रहकर काम करने के लिए प्रतिबद्ध है। यह यात्रा पुराने साथियों से संवाद स्थापित करने, नए लोगों को संगठन से जोड़ने और हर जिले में संगठन के ढांचे को सशक्त बनाने के उद्देश्य से शुरू की गई है।

महिलाओं को 2 लाख देने का वादा याद दिलाया

प्रशांत किशोर ने इस दौरान केंद्र और राज्य सरकार पर सीधा निशाना साधा। उन्होंने चुनाव के दौरान महिलाओं को 2 लाख रुपये देने के वादे का जिक्र करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से इसे तत्काल पूरा करने की अपील की।

“जन सुराज का संगठन घर-घर जाकर यह सुनिश्चित करेगा कि हर महिला को यह राशि मिले। यदि सरकार यह वादा पूरा नहीं करती है, तो यह स्पष्ट हो जाएगा कि यह घोषणा केवल चुनावी लाभ के लिए की गई थी।”- प्रशांत किशोर

उन्होंने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि अगर सरकार अपने वादे से मुकरती है तो जन सुराज इस मुद्दे को लेकर जनता के साथ सड़क पर उतरेगा और जोरदार आंदोलन करेगा।

RJD-कांग्रेस गठबंधन पर क्या बोले?

जब उनसे RJD और कांग्रेस गठबंधन में चल रही कथित दरार को लेकर सवाल किया गया, तो प्रशांत किशोर ने सधा हुआ जवाब दिया। उन्होंने कहा कि बिहार की जनता ने चुनाव में सभी दलों की भूमिका तय कर दी है।

उनके मुताबिक, एनडीए को सरकार चलाने का जनादेश मिला है, राजद को एक मजबूत विपक्ष की भूमिका निभानी है और जन सुराज को समाज के बीच रहकर जनता के मुद्दों पर काम करने की जिम्मेदारी मिली है। उन्होंने कहा, “जन सुराज पूरी ईमानदारी के साथ अपनी इसी जिम्मेदारी का निर्वहन कर रहा है।” इस यात्रा के जरिए वे संगठन के साथियों के साथ मिलकर आगे की पूरी रणनीति तय करेंगे।

Gaurav Sharma
लेखक के बारे में
पत्रकारिता पेशा नहीं ज़िम्मेदारी है और जब बात ज़िम्मेदारी की होती है तब ईमानदारी और जवाबदारी से दूरी बनाना असंभव हो जाता है। एक पत्रकार की जवाबदारी समाज के लिए उतनी ही आवश्यक होती है जितनी परिवार के लिए क्यूंकि समाज का हर वर्ग हर शख्स पत्रकार पर आंख बंद कर उस तरह ही भरोसा करता है जितना एक परिवार का सदस्य करता है। पत्रकारिता मनुष्य को समाज के हर परिवेश हर घटनाक्रम से अवगत कराती है, यह इतनी व्यापक है कि जीवन का कोई भी पक्ष इससे अछूता नहीं है। यह समाज की विकृतियों का पर्दाफाश कर उन्हे नष्ट करने में हर वर्ग की मदद करती है। इसलिए पं. कमलापति त्रिपाठी ने लिखा है कि," ज्ञान और विज्ञान, दर्शन और साहित्य, कला और कारीगरी, राजनीति और अर्थनीति, समाजशास्त्र और इतिहास, संघर्ष तथा क्रांति, उत्थान और पतन, निर्माण और विनाश, प्रगति और दुर्गति के छोटे-बड़े प्रवाहों को प्रतिबिंबित करने में पत्रकारिता के समान दूसरा कौन सफल हो सकता है। View all posts by Gaurav Sharma
Follow Us :GoogleNews