JDU का बड़ा बयान! राहुल-तेजस्वी को ‘जननायक’ कहने पर पूछा ये सवाल, ‘वोटर अधिकार यात्रा’ पर किया जोरदार हमला

JDU का बड़ा बयान! राहुल-तेजस्वी को ‘जननायक’ कहने पर पूछा ये सवाल, ‘वोटर अधिकार यात्रा’ पर किया जोरदार हमला

बिहार में ‘वोटर अधिकार यात्रा’ का 14वां दिन आरा में उत्साहपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ, जहां सपा प्रमुख अखिलेश यादव भी मौजूद रहे। इस बीच जेडीयू प्रवक्ता नीरज कुमार ने अखिलेश यादव की भागीदारी पर तंज कसा और महागठबंधन पर समाजवादी आंदोलन के पुरोधा कर्पूरी ठाकुर के अपमान का आरोप लगाया। साथ ही, पीएम मोदी और उनकी मां पर अभद्र टिप्पणी को लेकर भी उन्होंने महागठबंधन की चुप्पी पर सवाल उठाए। नीरज कुमार ने कहा कि राजनीति में मतभेद हो सकते हैं, लेकिन भाषा की मर्यादा टूटना लोकतंत्र के लिए खतरनाक है।


अखिलेश यादव पर जेडीयू का तंज

जेडीयू प्रवक्ता नीरज कुमार ने कहा कि अखिलेश यादव, जो खुद को समाजवादी कहते हैं, उन्हें राहुल गांधी और तेजस्वी यादव को ‘जननायक’ कहने से पहले समाजवादी आंदोलन के पुरोधा कर्पूरी ठाकुर का सम्मान करना चाहिए। उन्होंने कहा कि इंडिया गठबंधन ने कर्पूरी ठाकुर का अपमान किया है, जबकि उन्हें भारत रत्न मिला है।

पीएम मोदी की मां पर अभद्र टिप्पणी पर प्रतिक्रिया

नीरज कुमार ने दरभंगा के महागठबंधन कार्यक्रम में पीएम मोदी की मां पर अभद्र टिप्पणी वाले वायरल वीडियो को लेकर कहा कि महागठबंधन ने न तो इसकी आलोचना की और न ही संबंधित व्यक्ति को बाहर किया। उन्होंने कहा कि “राजनीति में मतभेद हो सकते हैं, लेकिन भाषाई लंपटई को बर्दाश्त करना लोकतंत्र के लिए चिंता का विषय है।”

महुआ मोइत्रा पर भी हमला

जेडीयू प्रवक्ता ने टीएमसी सांसद महुआ मोइत्रा की आपत्तिजनक टिप्पणी को गंभीर बताते हुए कहा कि प्रधानमंत्री को गाली देना या गृह मंत्री का सिर काटने जैसी बातें करना देश की संवैधानिक व्यवस्था का अपमान है।

मर्यादित भाषा पर जोर

नीरज कुमार ने कहा कि जनता महात्मा गांधी के सद्भाव और अहिंसा में विश्वास रखती है और भाषाई हिंसा से वोटों का ध्रुवीकरण नहीं होता। महागठबंधन को ऐसे बयानों पर सख्त रुख अपनाना चाहिए।

लेखक के बारे में
Follow Us :GoogleNews