Hindi News

Kheshari Lal Yadav ने तेजस्वी यादव से मुलाकात की, साझा की चुनावी तैयारियों की योजना

Written by:Deepak Kumar
Published:
Kheshari Lal Yadav ने तेजस्वी यादव से मुलाकात की, साझा की चुनावी तैयारियों की योजना

भोजपुरी सुपरस्टार खेसारी लाल यादव गुरुवार (14 अगस्त, 2025) को पटना में आरजेडी नेता तेजस्वी यादव से मिले। मुलाकात के बाद मीडिया से बातचीत में खेसारी ने कहा कि वे बड़े भाई का आशीर्वाद लेने आए थे। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनका उद्देश्य चुनाव लड़ना नहीं था, बल्कि परिवार और रिश्तों का सम्मान जताना था। खेसारी ने कहा, “जो प्यार है, वो प्यार जताने आए थे। ऐसे ही भैया से मिलने आए थे। चाचा (लालू) का हालचाल लेने आए थे।”

बिहार के लिए बेहतर की उम्मीद

खेसारी लाल ने कहा कि बिहार में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर उनका दृष्टिकोण साफ है। उन्होंने कहा, “हम चाहते हैं कि बिहार के लिए बेहतर हो। जो बेहतर करेगा उसके साथ रहना चाहिए। जनता बताएगी कि कौन बेहतर कर सकता है।” उन्होंने यह भी कहा कि वे अपने क्षेत्र में अच्छी फिल्में बना रहे हैं और गाने गा रहे हैं, और जहां भी हैं, वहां बेहतर काम कर रहे हैं।

व्यक्तिगत संबंधों पर जोर

मीडिया ने खेसारी से सवाल किया कि तेजस्वी यादव एक अच्छे युवा नेता हैं क्या। खेसारी ने कहा कि बिल्कुल हैं, और लोगों को यह समझने में आसानी होगी। जब उनसे पूछा गया कि उनके सीनियर लोग बीजेपी में हैं तो क्या वे आरजेडी का दामन थामेंगे, खेसारी ने कहा, “कौन कहां है इससे मतलब नहीं। मैं हर जगह हूं। हर आदमी का सम्मान करता हूं। जहां मेरे व्यक्तिगत संबंध हैं, वहां के लिए 24 घंटे हाजिर हूं।”

मुलाकात का निजी पहलू

खेसारी ने बताया कि मुलाकात में तेजस्वी यादव उनके परिवार के बारे में पूछ रहे थे और उन्होंने भी तेजस्वी के परिवार के बारे में पूछा। उन्होंने कहा, “तेजस्वी मेरे बच्चों, मेरी पत्नी और भाभी के बारे में पूछ रहे थे। यह बातचीत परिवार और संबंधों को लेकर थी।” अंत में खेसारी ने कहा, “मैं कल को नहीं जीता हूं… आज को जीता हूं। आज मैं एक हीरो और कलाकार के तौर पर हूं। कल क्या होगा, मुझे पता नहीं।” उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि सही और गलत का अंतर समझना जरूरी है। उन्होंने कहा, “एसआईआर पर काम होना चाहिए। जो सही है, वो सही होना चाहिए। जहां गलत हो रहा है, उसका विरोध भी होना चाहिए।”