करीब चार महीने जेल में रहने के बाद मोकामा से JDU विधायक और बाहुबली नेता अनंत सिंह आज जेल से बाहर आ जाएंगे। दुलारचंद हत्याकांड मामले में पटना हाईकोर्ट से जमानत मिलने के बाद उनकी रिहाई का रास्ता साफ हो गया है। उम्मीद है कि सोमवार दोपहर 2 बजे के बाद वे पटना की बेऊर जेल से रिहा कर दिए जाएंगे।
अनंत सिंह की रिहाई को लेकर उनके समर्थकों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। बेऊर जेल के बाहर और उनके सरकारी आवास पर समर्थकों का जमावड़ा लगने की उम्मीद है, जहां उनके भव्य स्वागत की तैयारियां की गई हैं। भीड़ की आशंका को देखते हुए प्रशासन ने भी सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। जेल से निकलने के बाद अनंत सिंह सीधे अपने सरकारी आवास के लिए रवाना होंगे।
कल मोकामा में रोडशो और पूजा
जेल से रिहाई के ठीक अगले दिन, यानी 24 मार्च को अनंत सिंह अपने विधानसभा क्षेत्र मोकामा का दौरा करेंगे। इस दौरान एक बड़े रोडशो का आयोजन किया गया है। जानकारी के मुताबिक, वे बड़हिया स्थित महारानी स्थान मंदिर में पूजा-अर्चना भी करेंगे। इस रोडशो के दौरान रास्ते में कई जगहों पर उनके समर्थक स्वागत के लिए मौजूद रहेंगे, जिससे इलाके का राजनीतिक माहौल गरमाना तय माना जा रहा है।
क्या था दुलारचंद हत्याकांड और जमानत की शर्तें
गौरतलब है कि पिछले साल 30 अक्टूबर को चुनाव प्रचार के दौरान दुलारचंद यादव नाम के एक व्यक्ति की हत्या हो गई थी। इस मामले में अनंत सिंह का नाम सामने आया था। पटना पुलिस ने 1 नवंबर को उन्हें बाढ़ के लदमा स्थित उनके आवास से गिरफ्तार किया था, जिसके बाद 2 नवंबर को उन्हें न्यायिक हिरासत में बेऊर जेल भेज दिया गया था।






