
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार (22 अगस्त) को बिहार दौरे पर पहुंचे, जहां उन्होंने बिजली, सड़क और नगर विकास से जुड़ी 14 परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। गया जी के बोधगया में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने उनका स्वागत करते हुए कहा, “खुशी की बात है कि पीएम बोधगया पधारे हैं। आप सब हाथ जोड़कर उनका स्वागत करिए। आज यहां से 13 हजार करोड़ रुपये की योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास हो रहा है, जो बिहार के विकास के लिए बेहद महत्वपूर्ण है।”
नीतीश कुमार ने की पीएम मोदी की सराहना
सीएम नीतीश ने कहा कि राज्य में बिजली, सड़क और रेल के क्षेत्र में तेजी से विकास हो रहा है। उन्होंने जोड़ा,“दो नई ट्रेनें भी आज हरी झंडी दिखाकर रवाना की जा रही हैं। इन परियोजनाओं से बिहार की अर्थव्यवस्था को बड़ा लाभ होगा।” नीतीश ने कहा कि पहले की सरकारों ने विकास पर ध्यान नहीं दिया। “पहले यहां की हालत बहुत खराब थी। जब हमारी सरकार आई तब जाकर काम शुरू हुआ।”
गया जी और बोधगया को विशेष लाभ
कार्यक्रम में बताया गया कि गया जी और बोधगया में लाखों लोग देश-विदेश से आते हैं, लेकिन बुनियादी ढांचे की कमी से पर्यटन प्रभावित था। नई परियोजनाओं से सड़क संपर्क बेहतर होगा, बिजली की आपूर्ति मजबूत होगी और पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा।
एनडीए नेताओं ने दी प्रतिक्रिया
-
जीतन राम मांझी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के इस दौरे से बिहार को नई दिशा मिलेगी।
-
चिराग पासवान ने कहा, “बिहार प्रधानमंत्री मोदी की प्राथमिकता है। उनका 9वीं बार बिहार आना बताता है कि वह राज्य के विकास के लिए कितने प्रतिबद्ध हैं।”
राजनीतिक संदेश भी
नीतीश कुमार द्वारा पीएम की जमकर तारीफ करना और पिछली सरकारों की आलोचना करना राजनीतिक दृष्टि से भी अहम माना जा रहा है। चुनावी वर्ष में यह बयान एनडीए की एकजुटता का संकेत देता है और विपक्ष को चुनौती भी।
