प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सोमवार को बिहार दौरे पर कई बड़ी परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। इनमें 36,000 करोड़ रुपये की परियोजनाएं शामिल हैं, जिन्हें राज्य के विकास के लिए बेहद अहम बताया जा रहा है। भाजपा के वरिष्ठ नेता और उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि पीएम मोदी बिहार को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रहे हैं। उन्होंने बताया कि पिछले 11 वर्षों में प्रधानमंत्री ने बिहार को 1.50 लाख करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात दी है। कल प्रधानमंत्री कई योजनाओं का शुभारंभ कर राज्य की प्रगति को नई दिशा देंगे।

पूर्णिया हवाई अड्डा और डेयरी किसानों के लिए नई सुविधा

सम्राट चौधरी ने बताया कि प्रधानमंत्री पूर्णिया हवाई अड्डे के नए सिविल एन्क्लेव में अंतरिम टर्मिनल भवन का उद्घाटन करेंगे, जिससे यात्रियों की क्षमता बढ़ेगी। इसके अलावा पीएम मोदी ‘सेक्स सॉर्टेड सीमेन’ केंद्र का उद्घाटन करेंगे, जो राष्ट्रीय गोकुल मिशन के तहत पूर्वी भारत की पहली आधुनिक सुविधा होगी। यह डेयरी किसानों को अधिक मादा बछिया प्राप्त करने में मदद करेगी, जिससे उनकी आय बढ़ेगी। साथ ही, प्रधानमंत्री 25,000 करोड़ रुपये की निजी क्षेत्र की ऊर्जा परियोजना की आधारशिला रखेंगे, जिससे निवेश और रोजगार को बढ़ावा मिलेगा।

कोसी-मेची परियोजना और रेल कनेक्टिविटी को मिलेगा बढ़ावा

प्रधानमंत्री 2,680 करोड़ रुपये की कोसी-मेची परियोजना के पहले चरण का शिलान्यास करेंगे। इसमें नहरों का उन्नयन, गाद की निकासी और जल निकासी क्षमता बढ़ाने के काम होंगे। इससे पूर्वोत्तर बिहार में सिंचाई, बाढ़ नियंत्रण और कृषि लचीलेपन को मजबूत किया जाएगा। साथ ही, 2,170 करोड़ रुपये की लागत वाली बिक्रमशिला–कटेरिया रेल लाइन का शिलान्यास होगा, जो गंगा नदी पर सीधा रेल संपर्क प्रदान करेगी। इसके अलावा 4,410 करोड़ रुपये की लागत वाली अररिया–गलगलिया नई रेल लाइन का उद्घाटन भी प्रधानमंत्री द्वारा किया जाएगा।

सुरक्षा के कड़े इंतजाम और विपक्ष की गतिविधि

प्रधानमंत्री के दौरे को लेकर प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। रविवार आधी रात से 24 घंटे के लिए राष्ट्रीय और राज्य राजमार्गों पर वाहनों का परिचालन बंद रहेगा। इस बीच, विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव ने पूर्णिया स्थित सरकारी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल का औचक निरीक्षण किया और इसका वीडियो भी शूट किया। उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति का जायजा लिया। अधिकारियों का कहना है कि सभी कार्यक्रमों को सुचारु रूप से सम्पन्न कराने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं।