
गुरुवार (14 अगस्त, 2025) को जन सुराज (Jan Suraaj) के प्रमुख प्रशांत किशोर शिवहर में ‘बिहार बदलाव जनसभा’ के लिए पहुंचे। इस दौरान उन्होंने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बाढ़ के हवाई निरीक्षण पर तीखा हमला बोला। पीके ने कहा कि पिछले 20 साल से सीएम हेलीकॉप्टर से बाढ़ का निरीक्षण कर रहे हैं, जबकि जनता नीचे मर रही है। उन्होंने कहा कि अब जनता खुद निरीक्षण की रिपोर्ट तैयार करेगी और तीन महीने बाद इस सरकार को घर भेज दिया जाएगा, तब ही बाढ़ का स्थायी उपाय किया जाएगा।
सांसद-विधायक परिवारों पर निशाना
प्रशांत किशोर ने शिवहर से सांसद लवली आनंद और उनके बेटे विधायक चेतन आनंद पर भी हमला बोला। उन्होंने कहा कि पिछले 30 साल में बिहार में केवल 1250 परिवारों के लोग ही सांसद या विधायक बनते आए हैं। जन सुराज इस बार इन परिवारों से अलग उन उम्मीदवारों को टिकट देगा जो बिहार के सुधार और विकास के लिए काम करना चाहते हैं। पीके ने यह भी बताया कि जन सुराज के उम्मीदवारों की घोषणा किसी भी दूसरे दल से पहले कर दी जाएगी।
बीजेपी नेताओं पर भी साधा निशाना
जनसभा में पीके ने बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल और स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि दिलीप जायसवाल मूर्छित होकर गिरे हुए हैं और मंगल पांडेय पटना से भाग गए हैं। पीके ने आरोप लगाया कि दिलीप जायसवाल से 25 लाख रुपये लिए गए थे। उन्होंने सवाल उठाया कि 86 लाख का फ्लैट खरीदने के लिए बाकी 61 लाख रुपये कहां से आए। उन्होंने अधिकारियों को सात दिन में जवाब देने की चेतावनी दी और कहा कि तीन दिन में जवाब नहीं मिला तो जनता को जानकारी दी जाएगी।
बिहार में बदलाव और जन सुराज की योजना
प्रशांत किशोर ने कहा कि जन सुराज बिहार में नई राजनीति की दिशा देगा। उनका कहना है कि केवल कुछ परिवारों तक सत्ता सीमित नहीं रहेगी और लोगों को उनके हक और अधिकार मिलेंगे। उन्होंने जनता से अपील की कि वे सक्रिय होकर इस बार जन सुराज के साथ जुड़ें और बदलाव के लिए समर्थन दें। पीके ने जोर देकर कहा कि पार्टी की प्राथमिकता शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और भ्रष्टाचार मुक्त सरकार बनाने पर होगी।
