Hindi News

तेजस्वी यादव बने CM फेस तो प्रशांत किशोर बोले- ‘लालू जी का जंगलराज…’

Written by:Saurabh Singh
Published:
प्रशांत किशोर ने तेजस्वी यादव को CM फेस बनाने पर कहा कि यह नई बात नहीं, पहले से तय था। उन्होंने आरजेडी के पिछले शासन की आलोचना की और जनता को चेताया कि इस बार जन सुराज पार्टी को सशक्त विकल्प के रूप में देखें।
तेजस्वी यादव बने CM फेस तो प्रशांत किशोर बोले- ‘लालू जी का जंगलराज…’

महागठबंधन के सभी दलों ने साफ कर दिया है कि बिहार में तेजस्वी यादव सीएम फेस होंगे और डिप्टी सीएम के तौर पर मुकेश सहनी का नाम तय किया गया है। गुरुवार, 23 अक्टूबर 2025 को इस फैसले की प्रेस कॉन्फ्रेंस में घोषणा की गई। चुनावी रणनीतिकार और जन सुराज पार्टी के सूत्रधार प्रशांत किशोर ने इस पर प्रतिक्रिया दी। सीवान में पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने कहा कि सत्ता जब जाने लगती है तो लोग कुछ भी कहने को तैयार हो जाते हैं। उन्होंने इसे नई घोषणा नहीं बल्कि पहले से तय बात बताया।

‘जंगलराज’ की याद दिलाई

प्रशांत किशोर ने कहा, “पहले से मालूम है कि लालू जी का जंगलराज अगर लौटेगा तो उनका लड़का तेजस्वी यादव मुख्यमंत्री बनेगा। इसमें नई बात क्या है?” उन्होंने आगे कहा कि चाहे एक डिप्टी सीएम हो या पांच, इसका बिहार की जनता पर कोई बड़ा असर नहीं पड़ेगा। उन्होंने तेजस्वी यादव के घोषणाओं पर भी टिपण्णी की, जैसे संविदाकर्मियों को स्थायी करना और जीविका दीदियों को 30 हजार प्रति माह देने का वादा, उन्होंने इसे चुनावी बयानबाजी बताया।

बिहार की जनता भूल नहीं सकती

आरजेडी पर निशाना साधते हुए प्रशांत किशोर ने कहा कि पिछले 18 सालों में लालू यादव और उनके परिवार की सरकार ने राज्य की स्थिति क्या की, बिहार की जनता उसे भूली नहीं है। उन्होंने कहा कि आज बिहार के लाखों बच्चे बाहर जाकर मजदूरी कर रहे हैं, जबकि आरजेडी व अन्य पार्टियां दावा कर रही हैं कि वे सभी को नौकरी देंगे। उन्होंने जनता को चेताया कि इस बार लोग पुराने वादों में फंसने वाले नहीं हैं।

जन सुराज को मजबूत विकल्प बताया

प्रशांत किशोर ने कहा कि अब विकल्प का अभाव नहीं है। उन्होंने बताया कि जनता इस बार सशक्त और ईमानदार विकल्प, यानी जन सुराज पार्टी के विकल्प पर विचार करेगी। उन्होंने भरोसा जताया कि बिहार की जनता इस बार सही फैसले के साथ मतदान करेगी और पुराने वादों की गलती नहीं दोहराएगी। उनका संदेश साफ था कि जनता अब केवल लोकप्रिय चेहरों के बहकावे में नहीं आएगी।

Saurabh Singh
लेखक के बारे में
राजनीति में गहरी रुचि. खबरों के विश्लेषण में तेज और राजनीतिक परिस्थितियों की समझ रखते हैं. देश-दुनिया की घटनाओं पर बारीक नजर और फिर उसे खबरों के रूप में लिखने के शौकीन हैं. View all posts by Saurabh Singh
Follow Us :GoogleNews