Hindi News

तेज प्रताप यादव ने तेजस्वी की बेटी कात्यायनी पर लुटाया प्यार, सोशल मीडिया पोस्ट से परिवार में ‘घर वापसी’ की चर्चा

Written by:Banshika Sharma
Published:
लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव ने अपने भतीजे-भतीजी पर सोशल मीडिया पर प्यार लुटाया है। दरअसल तेजस्वी यादव की बेटी कात्यायनी के साथ तस्वीरें और बेटे इराज के साथ वीडियो साझा करने के बाद, राजनीतिक गलियारों में उनकी 'घर वापसी' की अटकलें तेज हो गई हैं।
तेज प्रताप यादव ने तेजस्वी की बेटी कात्यायनी पर लुटाया प्यार, सोशल मीडिया पोस्ट से परिवार में ‘घर वापसी’ की चर्चा

बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव ने अपने भतीजे-भतीजी पर जमकर प्यार लुटाया है। दरअसल सोशल मीडिया पर उन्होंने तेजस्वी यादव के बेटे इराज और बेटी कात्यायनी के साथ तस्वीरें और वीडियो साझा किए हैं। बता दें कि इन पोस्ट्स के सामने आने के बाद, बिहार के राजनीतिक गलियारों में तेज प्रताप की परिवार और पार्टी में ‘घर वापसी’ को लेकर अटकलें तेज हो गई हैं। यह घटनाक्रम ऐसे समय में हुआ है जब नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव की बेटी कात्यायनी ने 27 मार्च को अपना तीसरा जन्मदिन मनाया है।

दरअसल तेज प्रताप यादव ने अपनी भतीजी कात्यायनी के साथ कई खूबसूरत तस्वीरें साझा कीं है। वहीं इन तस्वीरों के साथ उन्होंने एक भावुक पोस्ट लिखा, जिसमें कात्यायनी को ‘बड़े पापा की लाडली बेटी’ और ‘घर की सबसे प्यारी सी रानी’ बताया है। उन्होंने यह भी लिखा, “मैं आपसे बहुत प्यार करता हूं।”

जानिए पोस्ट में क्या था?

दरअसल तस्वीरों में तेज प्रताप अपनी भतीजी को प्यार से गोद में लिए हुए और उसे उपहार देते हुए भी दिख रहे हैं। वहीं इन तस्वीरों में एक और खास बात यह है कि राष्ट्रीय जनता दल (राजद) सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव भी पीछे बैठे नजर आ रहे हैं, जो यह संकेत देता है कि यह एक पारिवारिक मिलन का क्षण था, न कि केवल एक औपचारिक मुलाकात। लालू यादव की उपस्थिति इन तस्वीरों को और भी अहम बना देती है। दरअसल इन तस्वीरों को सोशल मीडिया पर साझा करते ही वे तेजी से वायरल हो गईं। राजनीतिक विश्लेषक इसे तेज प्रताप यादव की परिवार और पार्टी की मुख्यधारा की राजनीति में वापसी के तौर पर देख रहे हैं।

पार्टी और परिवार के भीतर अलग-थलग पड़ने की खबरें

बता दें कि पिछले कुछ समय से तेज प्रताप यादव के अपनी पार्टी और परिवार के भीतर अलग-थलग पड़ने की खबरें मीडिया में आती रही हैं। उनके कई बयान और कार्यकलाप अक्सर पार्टी लाइन से अलग रहे हैं। ऐसे में बच्चों के साथ उनकी यह सार्वजनिक आत्मीयता एक बड़े बदलाव का संकेत मानी जा रही है, जो लालू परिवार में संभावित सुलह की ओर इशारा करता है। दरअसल कात्यायनी के जन्मदिन से ठीक पहले, 27 मार्च को ही तेज प्रताप यादव ने तेजस्वी यादव के छोटे बेटे इराज के साथ मौजमस्ती करते हुए एक वीडियो भी साझा किया था। इस वीडियो में वह इराज के साथ खिलौनों से खेलते हुए दिख रहे हैं। ये दोनों पोस्ट, जो कुछ ही दिनों के अंतराल पर सामने आए हैं, साफ संकेत देते हैं कि परिवार के भीतर की दूरियां कम हो रही हैं और तेज प्रताप एक बार फिर परिवार के करीब आ रहे हैं। यह सिर्फ एक पारिवारिक जुड़ाव नहीं, बल्कि इसके गहरे राजनीतिक मायने भी हैं, खासकर तब जब बिहार में चुनाव नजदीक हैं और राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो रही हैं।

लालू परिवार में रिश्तों में उतार-चढ़ाव बिहार की राजनीति का एक अभिन्न हिस्सा रहा है। तेज प्रताप यादव अक्सर अपने बयानों, अपनी अलग राजनीतिक शैलियों और कभी-कभी पार्टी लाइन से हटकर लिए गए फैसलों के कारण चर्चा में रहते आए हैं। उन्होंने अपनी अलग ‘छात्र जनशक्ति परिषद’ भी बनाई थी, जिसके जरिए वे अपनी स्वतंत्र पहचान स्थापित करने की कोशिश करते रहे हैं। इन सब वजहों से उनके और छोटे भाई तेजस्वी यादव के बीच कथित तौर पर दूरियां बढ़ने की खबरें मीडिया में लगातार आती रही हैं।

Banshika Sharma
लेखक के बारे में
मेरा नाम बंशिका शर्मा है। मैं एमपी ब्रेकिंग न्यूज़ में कंटेंट राइटर के तौर पर काम करती हूँ। मुझे समाज, राजनीति और आम लोगों से जुड़ी कहानियाँ लिखना पसंद है। कोशिश रहती है कि मेरी लिखी खबरें सरल भाषा में हों, ताकि हर पाठक उन्हें आसानी से समझ सके। View all posts by Banshika Sharma
Follow Us :GoogleNews