बिहार की सियासत में एक बड़ा मोड़ तब आया जब लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव ने शनिवार को यह घोषणा कर दी कि वह महुआ विधानसभा सीट से निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ेंगे। तेज प्रताप को हाल ही में राजद (RJD) से निष्कासित किया गया था, जो उनके पिता की ही पार्टी है। अपने ऐलान के दौरान तेज प्रताप ने कहा कि उन्हें जनता का पूरा समर्थन मिलेगा और वह महुआ से जीतकर दिखाएंगे। उन्होंने विरोधियों पर तंज कसते हुए कहा, “हम महुआ से चुनाव लड़ेंगे, कई विरोधियों को अब खुजली होने लगी है।”
राजद विधायक मुकेश रोशन का जवाब
महुआ से मौजूदा राजद विधायक मुकेश रोशन ने तेज प्रताप के ऐलान पर प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा, “कौन कहां से लड़ेगा, यह हम तय नहीं कर सकते। हम राजद के सिपाही हैं। लालू यादव और तेजस्वी यादव का जो फैसला होगा, वही मान्य होगा।” मुकेश रोशन ने आगे कहा कि महुआ की जनता का उन्हें आशीर्वाद प्राप्त है और आने वाले चुनाव में भी जनता उनका साथ देगी। उन्होंने यह भी कहा कि लोकतंत्र में जनता ही मालिक होती है और अंतिम फैसला उसी के हाथ में है।
नीतीश कुमार पर तेज प्रताप का निशाना
तेज प्रताप यादव ने अपने बयान में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को भी घेरा। उन्होंने दावा किया कि इस बार नीतीश कुमार मुख्यमंत्री नहीं बन पाएंगे। तेज प्रताप ने कहा, “टीम तेज प्रताप यादव लोगों तक पहुंचने का एक मंच है। जिसकी भी सरकार बनेगी, अगर वह युवाओं, रोजगार, शिक्षा और स्वास्थ्य की बात करेगी, तो मैं पूरी ताकत से उनके साथ खड़ा रहूंगा।” तेज प्रताप ने यह साफ कर दिया है कि वह सत्ता की राजनीति से ज्यादा मुद्दों की राजनीति करना चाहते हैं।
महुआ की सीट बनी सियासी हॉटस्पॉट
तेज प्रताप यादव का निर्दलीय चुनाव लड़ने का फैसला महुआ विधानसभा सीट को सियासी चर्चा का केंद्र बना रहा है। एक ओर मौजूदा विधायक मुकेश रोशन को पार्टी का समर्थन प्राप्त है, वहीं तेज प्रताप अपने दम पर जनता के बीच उतरने की तैयारी में हैं। राजद से निष्कासन के बाद तेज प्रताप का यह कदम पार्टी नेतृत्व के लिए भी एक चुनौती माना जा रहा है। आने वाले समय में यह देखना दिलचस्प होगा कि महुआ की जनता किसे अपना प्रतिनिधि चुनती है।





