नाराज पूर्व विधायक की CM से मुलाकात, मांगे 10 करोड़, बोले जनता गुस्सा करेगी तो अफसरों पर उतरेगा

नाराज पूर्व विधायक की CM से मुलाकात, मांगे 10 करोड़, बोले जनता गुस्सा करेगी तो अफसरों पर उतरेगा

ग्वालियर ।अतुल सक्सेना

अपने विधानसभा क्षेत्र में अमृत योजना में तहत चल रहे कार्यों में निगम अफसरों की लापरवाही से नाराज होकर बैठक छोड़कर जाने वाले पूर्व विधायक मुन्नालाल गोयल ने मुख्यमंत्री से मुलाकात कर अपनी समस्या उनके सामने रखी। पूर्व विधायक ने विकास कार्यों के लिए CM से 10 करोड़ रुपये की मांग की।

कांग्रेस छोड़कर भाजपा में आए सिंधिया समर्थक पूर्व विधायक मुन्नालाल गोयल को एक बार फिर ग्वालियर पूर्व विधानसभा से चुनाव मैदान में उतरना है और यही वजह है कि उन्हें अपने क्षेत्र में विकास कार्यों की चिंता है। अमृत योजना के कामों में मिल रही शिकायतों के बाद पिछले दिनों उन्होंने नगर निगम अफसरों के साथ बैठक की थी लेकिन काम नहीं हो पाने के अफसरों के तर्कों से नाराज पूर्व विधायक मुन्नालाल गोयल बैठक बीच में छोड़कर चले गए थे और कहा था कि इस विषय में मुख्यमंत्री से बात करेंगे।

सोमवार को जब मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ग्वालियर में अल्प प्रवास पर आये तो मुन्नालाल गोयल ने उनसे एयर पोर्ट पर मुलाकात की और कहा कि मेरे क्षेत्र में सड़कों की हालत बहुत खराब है। अमृत योजना के तहत चल रहे काम अधूरे पड़े हैं जिसके कारण क्षेत्र में 50 से 60 सड़कें खुदी हुई पड़ी है और बारिश में बैठ गई। नगर निगम के अफसर पैसा नहीं होने की बात कर रहे हैं। वे पांच से सात करोड़ खर्च की बात का रहे हैं इसलिए मेरी विधानसभा में सड़कों की स्थिति सुधारने के लिए 10 करोड़ रुपये स्वीकृत किये जाये। पूर्व विधायक के मुताबिक मुख्यमंत्री ने मौके पर मौजूद नगर निगम आयुक्त संदीप माकिन को प्रस्ताव बनाकर भेजने के लिए कहा है। जैसे ही प्रस्ताव जायेगा, राशि स्वीकृत हो जायेगी। मीडिया से बात करते हुए मुन्नालाल गोयल ने कहा कि हमें क्षेत्र की जनता नगर निगम को हाउस टैक्स, सफाई टैक्स सहित कई टैक्स देती है इसलिए क्षेत्र में सफाई, सीवर, पानी, सड़क के काम करना नगर निगम का काम है। यदि काम नहीं होंगे तो जनता का गुस्सा हमारे ऊपर उतरेगा और फिर हमारा गुस्सा अफसरों पर निकलेगा। उन्होंने कहा कि हमें चुनाव में उतरना है, क्षेत्र की जनता को जवाब देना है। इसलिए उसके लिए मैं हमेशा प्रयास करता रहूँगा।

Gaurav Sharma
लेखक के बारे में
Gaurav Sharma

निदेशक और संपादक

पत्रकारिता पेशा नहीं ज़िम्मेदारी है और जब बात ज़िम्मेदारी की होती है तब ईमानदारी और जवाबदारी से दूरी बनाना असंभव हो जाता है। एक पत्रकार की जवाबदारी समाज के लिए उतनी ही आवश्यक होती है जितनी परिवार के लिए क्यूंकि समाज का हर वर्ग हर शख्स पत्रकार पर आंख बंद कर उस तरह ही भरोसा करता है जितना एक परिवार का सदस्य करता है। पत्रकारिता मनुष्य को समाज के हर परिवेश हर घटनाक्रम से अवगत कराती है, यह इतनी व्यापक है कि जीवन का कोई भी पक्ष इससे अछूता नहीं है। यह समाज की विकृतियों का पर्दाफाश कर उन्हे नष्ट करने में हर वर्ग की मदद करती है। इसलिए पं. कमलापति त्रिपाठी ने लिखा है कि," ज्ञान और विज्ञान, दर्शन और साहित्य, कला और कारीगरी, राजनीति और अर्थनीति, समाजशास्त्र और इतिहास, संघर्ष तथा क्रांति, उत्थान और पतन, निर्माण और विनाश, प्रगति और दुर्गति के छोटे-बड़े प्रवाहों को प्रतिबिंबित करने में पत्रकारिता के समान दूसरा कौन सफल हो सकता है। View all posts by Gaurav Sharma →
Follow Us :GoogleNews