एंटी माफिया अभियान: बदमाश का घर तोड़ते समय निगमकर्मी पर गिरी दीवार

एंटी माफिया अभियान: बदमाश का घर तोड़ते समय निगमकर्मी पर गिरी दीवार

ग्वालियर, अतुल सक्सेना। मध्यप्रदेश में जारी एंटी माफिया अभियान (Anti-mafia campaign) के अंतर्गत आज ग्वालियर में जिला प्रशासन द्वारा की गई कार्रवाई में उस समय हड़कंप मच गया जब बदमाश का मकान तोड़ रहे एक निगमकर्मी के उपर दीवार आ गिरी और वो उसके नीचे दब गया। वहाँ मौजूद अन्य कर्मचारियों ने तत्काल घायल निगमकर्मी को अस्पताल में भर्ती कराया।

एंटी माफिया अभियान (Anti-mafia campaign) के तहत मंगलवार को जिला प्रशासन के निशाने पर चार ऐसे शातिर अपराधी आये जिनपर विभिन्न थानों में 100 अपराध दर्ज हैं। प्रशासन की टीम किला तलहेटी में बसे आऊ खाना कलां क्षेत्र में चार अपराधियों राजेंद्र जाटव, अशोक जाटव, माधव गुर्जर और रंजीत राणा के ठिकानों पर पहुंची और टीम ने यहाँ राजेंद्र जाटव का मकान छोड़कर शेष तीनों बदमाशों के मकान तोड़ दिये। एसडीएम अनिल बनवारिया ने बताया कि चारों शातिर किस्म के अपराधी हैं इनके खिलाफ ग्वालियर के अलग अलग थानों में चोरी, आर्म्स एक्ट, पॉक्सो, सहित कई अन्य अपराध दर्ज हैं।

उधर कार्रवाई के दौरान उस समय हड़कंप मच गया जब एक कर्मचारी के ऊपर दीवार गिर गई और वो दीवार के मलबे के नीचे दब गया। हादसा तब हुआ जब निगम कर्मी अशोक धानुक बड़े हथौड़े (घन) से मकान को तोड़ रहा था। अचानक दीवार भरभरा कर गिर पड़ी और कर्मचारी उसमें दब गया। साथ में मौजूद अन्य कर्मचारियों ने उसे उठाया और तत्काल अस्पताल पहुंचाया। एसडीएम ने कहा कि घायल को JAH के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है उसकी हालत खतरे से बाहर है।

Atul Saxena
लेखक के बारे में
Atul Saxena

पत्रकारिता में तीन दशक से अधिक का अनुभव.

पत्रकारिता मेरे लिए एक मिशन है, हालाँकि आज की पत्रकारिता ना ब्रह्माण्ड के पहले पत्रकार देवर्षि नारद वाली है और ना ही गणेश शंकर विद्यार्थी वाली, फिर भी मेरा ऐसा मानना है कि यदि खबर को सिर्फ खबर ही रहने दिया जाये तो ये ही सही अर्थों में पत्रकारिता है और मैं इसी मिशन पर पिछले तीन दशकों से ज्यादा समय से लगा हुआ हूँ.... पत्रकारिता के इस भौतिकवादी युग में मेरे जीवन में कई उतार चढ़ाव आये, बहुत सी चुनौतियों का सामना करना पड़ा लेकिन इसके बाद भी ना मैं डरा और ना ही अपने रास्ते से हटा ....पत्रकारिता मेरे जीवन का वो हिस्सा है जिसमें सच्ची और सही ख़बरें मेरी पहचान हैं .... View all posts by Atul Saxena →
Follow Us :GoogleNews