मप्र में बढ़ता जा रहा बर्ड फ्लू का दायरा, तीन जिलों की पोल्ट्री सहित 32 जिले प्रभावित

मप्र में बढ़ता जा रहा बर्ड फ्लू का दायरा, तीन जिलों की पोल्ट्री सहित 32 जिले प्रभावित

भोपाल, डेस्क रिपोर्ट| मध्य प्रदेश (Madhya Pradesh) में बर्ड फ्लू (Bird Flu) का दायरा बढ़ा जा रहा है| प्रदेश में कौओं की मृत्यु से आरंभ हुआ बर्ड फ्लू 3 जिलों के पोल्ट्री सहित 32 जिलों में पहुँच चुका है। शासन संक्रमण के बढ़ते दायरे को लेकर अलर्ट है| पशुपालन मंत्री प्रेम सिंह पटेल (Animal Husbandry Minister Prem Singh Patel) ने बर्ड फ्लू से अप्रभावित जिलों को सावधानी और सतर्कता बढ़ाने के निर्देश दिये हैं।

जो जिले अब तक संक्रमण की चपेट में आने से बचे हैं, उन जिलों के पोल्ट्री व्यवसाइयों से पशुपालन मंत्री ने अपील की है कि वे पूर्ण सतर्कता बरतें। पक्षियों अथवा मुर्गियों में अप्राकृतिक मृत्यु की सूचना मिलते ही तत्काल अपने जिले के कंट्रोल-रूम को सूचित करें। श्री पटेल ने पशुपालन विभाग के अधिकारियों को एवियन इन्फ्लूएंजा के बचाव और रोकथाम नियंत्रण का भरपूर प्रचार-प्रसार करने के निर्देश देते हुए कहा कि जलाशयों एवं अभयारण्यों पर भी निगरानी रखें। आकस्मिकता की स्थिति से निपटने के लिये आवश्यक पीपीई किट्स डिसइनफेक्टेन्ट, उपकरण, दवाइयों का स्टॉक आदि तैयारियाँ चाक-चौबंद रखें।

अब तक 3890 कौओं और जंगली पक्षियों की मृत्यु
प्रदेश में अब तक 3890 कौओं और जंगली पक्षियों की मृत्यु की सूचना प्राप्त हो चुकी है। विभिन्न जिलों से 453 सैम्पल राष्ट्रीय उच्च सुरक्षा पशु रोग अनुसंधान प्रयोगशाला, भोपाल को जाँच के लिये भेजे जा चुके हैं। प्रभावित जिलों में बर्ड फ्लू रोग नियंत्रण की कार्यवाही और सर्विलांस का कार्य जारी है।

3 जिलों के पोल्ट्री सहित 32 जिलों में संक्रमण
प्रदेश के 3 जिलों के पोल्ट्री सहित 32 जिलों में संक्रमण की पुष्टि हो चुकी है। ये जिले हैं इंदौर, आगर, नीमच, देवास, उज्जैन, खण्डवा, खरगोन, गुना, शिवपुरी, राजगढ़, शाजापुर, विदिशा, दतिया, अशोकनगर, बड़वानी, भोपाल, होशंगाबाद, बुरहानपुर, छिन्दवाड़ा, डिण्डोरी, मण्डला, सागर, धार, सतना, पन्ना, बालाघाट, श्योपुर, छतरपुर और रायसेन। श्री पटेल ने कहा कि झाबुआ, हरदा और मंदसौर में पोल्ट्री में वायरस मिलने से मुर्गियों की कलिंग और भारत शासन द्वारा जारी एडवाइजरी के अनुसार कार्यवाही की गई है।

Gaurav Sharma
लेखक के बारे में
Gaurav Sharma

निदेशक और संपादक

पत्रकारिता पेशा नहीं ज़िम्मेदारी है और जब बात ज़िम्मेदारी की होती है तब ईमानदारी और जवाबदारी से दूरी बनाना असंभव हो जाता है। एक पत्रकार की जवाबदारी समाज के लिए उतनी ही आवश्यक होती है जितनी परिवार के लिए क्यूंकि समाज का हर वर्ग हर शख्स पत्रकार पर आंख बंद कर उस तरह ही भरोसा करता है जितना एक परिवार का सदस्य करता है। पत्रकारिता मनुष्य को समाज के हर परिवेश हर घटनाक्रम से अवगत कराती है, यह इतनी व्यापक है कि जीवन का कोई भी पक्ष इससे अछूता नहीं है। यह समाज की विकृतियों का पर्दाफाश कर उन्हे नष्ट करने में हर वर्ग की मदद करती है। इसलिए पं. कमलापति त्रिपाठी ने लिखा है कि," ज्ञान और विज्ञान, दर्शन और साहित्य, कला और कारीगरी, राजनीति और अर्थनीति, समाजशास्त्र और इतिहास, संघर्ष तथा क्रांति, उत्थान और पतन, निर्माण और विनाश, प्रगति और दुर्गति के छोटे-बड़े प्रवाहों को प्रतिबिंबित करने में पत्रकारिता के समान दूसरा कौन सफल हो सकता है। View all posts by Gaurav Sharma →
Follow Us :GoogleNews