झारखंड कैबिनेट की महत्वपूर्ण बैठक: कुल 15 प्रस्तावों को मिली मंजूरी, JTET 2026 नियमावली को हरी झंडी

झारखंड की राजधानी रांची में मंगलवार को सीएम हेमंत सोरेन की अध्यक्ष में हुई कैबिनेट की बैठक में कुल 15 निर्णयों को स्वीकृति दी गई है। बैठक के बाद सभी निर्णयों की जानकारी कैबिनेट सचिव वंदना डाडेल ने दी।
Jharkhand cabinet meeting decisions

रांची: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की अध्यक्षत में मंगलवार, 28 अप्रैल 2026 को झारखंड कैबिनेट की बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में विकास योजनाओं, प्रशासनिक और जनहित से जुड़े कुल 15 प्रस्तावों को स्वीकृति मिली है। बैठक में सबसे बड़ा प्रस्ताव शिक्षक पात्रता परीक्षा (JTET) 2026 की नियमावली को लेकर रहा, जिसे कैबिनेट की मंजूरी मिल गई है। कैबिनेट सचिव वंदना डाडेल ने बैठक के बाद निर्णयों की पूरी जानकारी दी है।

बता दें कि पिछली कैबिनेट बैठक में भोजपुरी, अंगिका और मगही भाषाओं को शामिल करने को लेकर विवाद उत्पन्न होने के कारण JTET प्रस्ताव को स्थगित कर दिया गया था। इस बार भी कैबिनेट ने इन भाषाओं को शामिल किए बिना ही नियमावली को पारित कर दिया।

हालांकि, बैठक के दौरान मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने इन भाषाओं को क्षेत्रीय सूची में शामिल करने का मुद्दा उठाया। इस पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने स्पष्ट किया कि अन्य भाषाओं को शामिल करने के लिए एक उच्चस्तरीय समिति का गठन किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह समिति सभी पहलुओं का अध्ययन करने के बाद अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत करेगी, जिसके आधार पर अंतिम निर्णय पर मुहर लगेगी।

झारखंड कैबिनेट के महत्वपूर्ण फैसले

  • झारखण्ड शिक्षक पात्रता परीक्षा नियमावली-2026 की घटनोत्तर स्वीकृति
  • राज्य में एआई इनोवेशन एवं एडॉप्शन को गति प्रदान करने के लिए Google LLC के साथ MoU करने की मंजूरी।
  • झारखण्ड राज्य के गढ़‌वा जिला अंतर्गत “श्री बंशीधर नगर” अनुमंडल के नाम में आंशिक संशोधन करते हुए “श्री बंशीधर नगर उंटारी” के रूप में प्रतिस्थापित किए जाने की स्वीकृति मिली।
  • विभागीय अधिसूचना सं0-3842/रा०, दिनांक-24.11.2023 में प्रथम संशोधन की स्वीकृति
  • झारखण्ड राज्य के अनुसूचित जनजाति के अधिकतम 20, अनुसूचित जाति के अधिकतम 10, पिछड़ा वर्ग के अधिकतम 14 एवं अल्पसंख्यक के अधिकतम 06 कुल अधिकतम 50 (पचासं) प्रतिभावान छात्र/छात्राओं को चयनित कर प्रत्येक वर्ष विदेश में स्थित चयनित अग्रणी विश्वविद्यालयों/संस्थानों के चयनित कोर्स (Course) में उच्च स्तरीय शिक्षा यथा 01 (एक) वर्षीय मास्टर्स (Masters) हेतु छात्रवृति सहायता प्रदान करने के प्रस्ताव पर मुहर लगी।
  • झारखण्ड राज्य राजमार्ग प्राधिकार के माध्यम से “हरमू से अरगोड़ा चौक पर एलिवेटेड रोड/फ्लाईओवर का निर्माण (KAV’s रेस्टोरेंट के पास) से डिबडीह ब्रिज (सेलर्स नॉट रेस्टोरेंट के पास) कटहल मोड़ (चापुटोली) की ओर और अशोक नगर (रोड नंबर 3 के पास) की ओर, सर्विस रोड सहित (कुल लंबाई-3.804 किमी०) (भू-अर्जन, युटिलिटी शिफ्टिंग एवं RGR सहित)” हेतु ₹469,62,12,300/- (चार सौ उनहत्तर करोड़ बासठ लाख बारह हजार तीन सौं) मात्र की प्रशासनिक स्वीकृति मिली।
  • झारखण्ड राज्य राजमार्ग प्राधिकार के माध्यम से “करमटोली से साईंस सिटी फ्लाईओवर (सर्विस पथ सहित) (कुल लम्बाई-3.216 कि०मी०) निर्माण कार्य (भू-अर्जन, RGR, युटिलिटी शिफ्टींग, वनरोपन एवं बागवानी सहित)” हेतु ₹351,14,44,800 /- (तीन सौ इक्यावन करोड़ चौदह लाख चौवालीस हजार आठ सौं) मात्र की प्रशासनिक स्वीकृति दी गई।
  • राज्य स्कूल मानक प्राधिकरण (State School Standard Authority) के गठन को मंजूरी मिली।
  • मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना एवं मुख्यमंत्री ग्राम सेतु योजना के तहत पथ एवं पुल निर्माण वाले प्रस्ताव पर मुहर लगी।
  • राजकीय अभियंत्रण महाविद्यालय, पलामू के अंतर्गत GEC पलामू इनोवेशन एंड इनक्यूबेशन सेंटर फाउंडेशन की स्थापना करने, उक्त फाउंडेशन अन्तर्गत 04 सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (CoEs) का संचालन करने तथा उक्त हेतु कुल पाँच (05) वर्षों में कुल ₹22,97,31,238/- (बाईस करोड़ सत्तानवे लाख इकतीस हजार दो सौ अड़तीस रुपये) मात्र के अनुमानित व्यय की स्वीकृति।
Shyam Dwivedi
लेखक के बारे में
Shyam Dwivedi

7 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

पत्रकार वह व्यक्ति होता है जो समाचार, घटनाओं, और मुद्दों की जानकारी देता है, उनकी जांच करता है, और उन्हें विभिन्न माध्यमों जैसे अखबार, टीवी, रेडियो, या ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर प्रस्तुत करता है। मेरा नाम श्याम बिहारी द्विवेदी है और मैं पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है। View all posts by Shyam Dwivedi →
Follow Us :GoogleNews