खनिज अधिकारी पर पत्रकार से मारपीट व मोबाइल छीनने का आरोप, SP ने दिए जांच के आदेश

खनिज अधिकारी पर पत्रकार से मारपीट व मोबाइल छीनने का आरोप, SP ने दिए जांच के आदेश

टीकमगढ़।आमिर खान।

विवादों में रहने में वाले खनिज अधिकारी प्रशांत तिवारी एक बार फिर सुर्ख़ियों में आए हैं। इस बार इन पर पत्रकार से कवरेज करने के दौरान मारपीट कर मोबाइल छीनने का आरोप लगा है। घटना की सूचना के बाद जिले के तमाम पत्रकारों में रोष व्याप्त है। मामले को लेकर पत्रकार संगठन के पदाधिकारियों ने एसपी से मुलाकात कर कार्यवाही की मांग है, जिस पर एसपी प्रशांत कुमार खरे ने जांच के आदेश दिए हैं। यह पूरी घटना देहात थाने के अंदर की बताई जा रही है, जो सीसीटीवी में भी कैद हुई है।

आज सुबह अतुल्य भास्कर दैनिक समाचार पत्र के पत्रकार सूर्य प्रकाश खरे ने आज एक लिखित आवेदन एसपी टीकमगढ़ को सौंपा है, जिसमें उन्होंने बताया कि आज सुबह अपने पानी के प्लांट पर थे तभी खनिज अधिकारी प्रशांत तिवारी एक रेत के वाहन को पकड़े थे। मुझे ऐसा प्रतीत हुआ कि यह वाहन अवैध रेत से भरा है, तो मैंने तत्काल इसकी वीडियो बनाना शुरू कर दी। वीडियो बनाने के दौरान खनिज अधिकारी प्रशांत तिवारी नाराज हो गए और कैमरा बंद करने को कहा। मैंने उन्हें अपना परिचय दिया, किन्तु वह अनभिज्ञ बन गए और वाहन सहित देहात थाने के लिए रवाना हो गए। मै भी उनके पीछे अपनी मोटरसाइकिल से देहात थाने पहुंचा, जहां उन्होंने सीधे मेरे ऊपर हमला कर दिया और मारपीट करते हुए मेरा मोबाइल छीन लिया। इतना ही नहीं उन्होंने मेरे साथ गाली गलौज करते हुए कालर पकड़ी और मुझे थाने के अंदर बंद करने को कहा। किन्तु सभी पुलिसकर्मी मुझसे परिचित थे कि मै पत्रकार हूं, जिस वजह से मुझे बंद करके मामले को शांत कराने कि कोशिश की। सूर्य प्रकाश खरे का कहना है कि यह पूरी घटना देहात थाने में लगे सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हुई है। उन्होंने व जिले के पत्रकारों ने दोषी खनिज अधिकारी प्रशांत तिवारी के खिलाफ मामला दर्ज कर मोबाइल जब्त करने की मांग की है। वहीं इस मामले में खनिज अधिकारी प्रशांत तिवारी ने इन आरोपों को झूठा बताया। उन्होंने कहा मैंने किसी के साथ कोई मारपीट नहीं की। फिलहाल अब पूरे मामले की जांच के बाद क्या सामने आता है वह देखना बाकी है।

इनका कहना है

मामले की जानकारी आते ही मैंने तत्काल प्रभाव से टीकमगढ़ के कलेक्टर महोदय को इससे अवगत कराया। साथ इस मामले की जांच देहात थाना प्रभारी सब इंस्पेक्टर नसीर फारूखी को सौंप दी है। जांच में जो भी तथ्य निकलकर सामने आएंगे उसके अनुसार कार्यवाही की जाएगी। इस मामले में एक पहलू और सामने आया है कि यह किसी पुलिस कांस्टेबल का वाहन है, अगर ऐसा पाया जाता है तो उसके विरूद्ध भी विभागीय कार्यवाही की जाएगी।
प्रशांत कुमार खरे, एसपी, टीकमगढ़

Gaurav Sharma
लेखक के बारे में
Gaurav Sharma

निदेशक और संपादक

पत्रकारिता पेशा नहीं ज़िम्मेदारी है और जब बात ज़िम्मेदारी की होती है तब ईमानदारी और जवाबदारी से दूरी बनाना असंभव हो जाता है। एक पत्रकार की जवाबदारी समाज के लिए उतनी ही आवश्यक होती है जितनी परिवार के लिए क्यूंकि समाज का हर वर्ग हर शख्स पत्रकार पर आंख बंद कर उस तरह ही भरोसा करता है जितना एक परिवार का सदस्य करता है। पत्रकारिता मनुष्य को समाज के हर परिवेश हर घटनाक्रम से अवगत कराती है, यह इतनी व्यापक है कि जीवन का कोई भी पक्ष इससे अछूता नहीं है। यह समाज की विकृतियों का पर्दाफाश कर उन्हे नष्ट करने में हर वर्ग की मदद करती है। इसलिए पं. कमलापति त्रिपाठी ने लिखा है कि," ज्ञान और विज्ञान, दर्शन और साहित्य, कला और कारीगरी, राजनीति और अर्थनीति, समाजशास्त्र और इतिहास, संघर्ष तथा क्रांति, उत्थान और पतन, निर्माण और विनाश, प्रगति और दुर्गति के छोटे-बड़े प्रवाहों को प्रतिबिंबित करने में पत्रकारिता के समान दूसरा कौन सफल हो सकता है। View all posts by Gaurav Sharma →
Follow Us :GoogleNews