राशन नहीं मिलने से परेशान लोगों ने किया चक्का जाम, बुजुर्ग महिलाएं हाथ में कार्ड लेकर मांग रहीं राशन

राशन नहीं मिलने से परेशान लोगों ने किया चक्का जाम, बुजुर्ग महिलाएं हाथ में कार्ड लेकर मांग रहीं राशन

ग्वालियर।अतुल सक्सेना

कोरोना संकट में भले ही सरकार सभी तरह के राशन कार्ड धारकों को राशन देने के दावे कर रही है लेकिन इसकी जमीनी हकीकत कुछ और है। आज भी सफेद राशन कार्ड वाले लोग राशन के लिए परेशान हैं। दुकान के सामने घंटों लाइन में लगे होने के बाद जब नंबर आता है तो दुकानदार कोई कमी निकालकर भगा देता है। परेशान लोगों ने इसी बात को लेकर आज चक्का जाम कर दिया।

वार्ड क्रमांक 31 में आने वाले लक्षमणपुरा के लोगों ने आज सड़क पर हंगामा कर दिया। राशन नहीं मिलने से परेशान ये लोग पड़ाव थाने से कुछ दूरी पर सड़क पर ही धरने पर बैठ गए। चक्का जाम में शामिल टीपू सुल्तान और रेखा जैन का कहना था कि तानसेन नगर स्थित राशन की दुकान के बाहर दो दो घंटे तक हम लोग बैठते हैं। लेकिन जब नंबर आता है तो दुकानदार भगा देता है। कहता है इसपर सील लगवा कर लाओ और जब हम सील लगवाने नगर निगम कार्यालय जाते हैं तो वो बिना सील लगाए भगा देते हैं पिछले एक महीने से ये सिलसिला जारी है।

इसलिए आज सड़क पर उतरे हैं। तपती धूप में नौजवानों के साथ बूढ़ी महिलाएं भी हाथ में राशन कार्ड लिए सड़क पर बैठी थी। चक्का जाम की सूचना पर पड़ाव थाने की पुलिस ने मौके पर पहुंचकर लोगों की समझाया कि धारा 144 लगी है इसलिए हट जाये। वरना सभी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जायेगा। परेशान लोगों ने पुलिस की बात मान ली और सड़क खाली कर दी। उधर पुलिस अधिकारी ने बताया कि एसडीएम से बात कर उनके कहने पर सभी की सूची ले ली गई है । आगे जैसा प्रशासन कहेगा वैसे व्यवस्था की जायेगी। वहीं नाराज लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि सूची लेने के बाद घर पर राशन नहीं आया तो फिर सड़क पर उतरेंगे।

Gaurav Sharma
लेखक के बारे में
Gaurav Sharma

निदेशक और संपादक

पत्रकारिता पेशा नहीं ज़िम्मेदारी है और जब बात ज़िम्मेदारी की होती है तब ईमानदारी और जवाबदारी से दूरी बनाना असंभव हो जाता है। एक पत्रकार की जवाबदारी समाज के लिए उतनी ही आवश्यक होती है जितनी परिवार के लिए क्यूंकि समाज का हर वर्ग हर शख्स पत्रकार पर आंख बंद कर उस तरह ही भरोसा करता है जितना एक परिवार का सदस्य करता है। पत्रकारिता मनुष्य को समाज के हर परिवेश हर घटनाक्रम से अवगत कराती है, यह इतनी व्यापक है कि जीवन का कोई भी पक्ष इससे अछूता नहीं है। यह समाज की विकृतियों का पर्दाफाश कर उन्हे नष्ट करने में हर वर्ग की मदद करती है। इसलिए पं. कमलापति त्रिपाठी ने लिखा है कि," ज्ञान और विज्ञान, दर्शन और साहित्य, कला और कारीगरी, राजनीति और अर्थनीति, समाजशास्त्र और इतिहास, संघर्ष तथा क्रांति, उत्थान और पतन, निर्माण और विनाश, प्रगति और दुर्गति के छोटे-बड़े प्रवाहों को प्रतिबिंबित करने में पत्रकारिता के समान दूसरा कौन सफल हो सकता है। View all posts by Gaurav Sharma →
Follow Us :GoogleNews