खेलो इंडिया गेम्स भोपाल में कराने की तैयारी, केंद्र से मिली हरी झंडी

खेलो इंडिया गेम्स भोपाल में कराने की तैयारी, केंद्र से मिली हरी झंडी

भोपाल, डेस्क रिपोर्ट| वर्ष 2022 के खेलो इंडिया गेम्स (Khelo India Games) भोपाल (Bhopal) में कराने की तैयारी है| केंद्र सरकार ने इसकी सैद्धांतिक सहमति दे दी है| मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान (Shivraj Singh Chauhan) ने कहा शीघ्र ही विधिवत स्वीकृति प्राप्त हो जाएगी। मध्य प्रदेश के 2 खिलाड़ियों चिंकी यादव एवं ऐश्वर्य प्रताप सिंह द्वारा शूटिंग में ओलंपिक कोटा जीतना भी गर्व का विषय है। इसी प्रकार प्रदेश के 25 खिलाड़ी ओलंपिक क्वालिफायर के रूप में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं।

मुख्यमंत्री श्री चौहान आज मंत्रालय में खेल एवं युवा कल्याण विभाग के कार्यों की समीक्षा कर रहे थे। बैठक में खेल एवं युवा कल्याण मंत्री श्रीमती यशोधरा राजे सिंधिया व वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे। सीएम ने कहा प्रदेश में नए एवं प्रतिभावान खिलाड़ियों को अवसर प्रदान करने के लिए मुख्यमंत्री कप का आयोजन किया जाएगा। गत सरकार ने विधायक कप का आयोजन बंद कर दिया था, जिसे दोबारा शुरू किया जाएगा

योग ‘खेलो इंडिया गेम्स 2021’ में शामिल
भारत सरकार द्वारा योग को खेलो इंडिया गेम्स 2021 में खेल के रूप में शामिल किया गया है। प्रदेश में योग के विस्तार के लिए जिला स्तर पर विवेकानंद योग सेंटर्स की स्थापना की जाएगी। इसके बाद विकासखंड स्तर तक इनका विस्तार किया जाएगा।

भोपाल में पुरुषों की हॉकी तथा मार्शल आर्ट अकादमी
प्रदेश में हॉकी को आगे बढ़ाने के लिए पुरुष हॉकी अकादमी भोपाल में तथा महिला हॉकी अकादमी ग्वालियर में पुनः स्थापित की जाएंगी। टीटी नगर स्टेडियम में मार्शल आर्ट अकादमी बनाई जा रही है। भोपाल में शूटिंग रेंज का भी विस्तार किया जाएगा।

ग्वालियर में अंतर्राष्ट्रीय खेल परिसर तथा भोपाल में अंतर्राष्ट्रीय स्पोर्ट्स साइंस सेंटर
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि ग्वालियर में 50 एकड़ भूमि पर अंतरराष्ट्रीय खेल परिसर के निर्माण तथा भोपाल में विश्व स्तरीय स्पोर्ट्स साइंस सेंटर के निर्माण की योजना है। स्पोर्टर्स साइंस सेंटर में खिलाड़ियों के बेहतर स्वास्थ्य के लिए विभिन्न प्रकार के वैज्ञानिक तरीके अपनाए जाएंगे। रांझी जबलपुर में तीरंदाजी की विश्व स्तरीय अधोसंरचना बनाए जाने की भी योजना है। बीजलपुर इंदौर में मल्टीपर्पज स्पोर्ट्स कांप्लेक्स का निर्माण कराया जाएगा।

10 अंतर्राष्ट्रीय व 40 राष्ट्रीय पदक अर्जित किए
खेल मंत्री श्रीमती सिंधिया ने बताया कि कोरोना काल में अगस्त माह से प्रदेश की खेल अकादमियों को प्रारंभ कर दिया गया था। यह प्रदेश के लिए गौरव की बात है कि गत 5 महीनों में मध्य प्रदेश के खिलाड़ियों ने 10 अंतर्राष्ट्रीय एवं 40 राष्ट्रीय पदक अर्जित किए हैं।

खिलाड़ियों की पुलिस में भर्ती
मध्यप्रदेश के राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को मध्यप्रदेश पुलिस में भर्ती के संबंध में वर्ष 2019 में मंत्रिपरिषद द्वारा निर्णय लिया गया था। अधिसूचना के राजपत्र में प्रकाशन उपरांत भर्ती प्रक्रिया प्रारंभ हो जाएगी।

Gaurav Sharma
लेखक के बारे में
Gaurav Sharma

निदेशक और संपादक

पत्रकारिता पेशा नहीं ज़िम्मेदारी है और जब बात ज़िम्मेदारी की होती है तब ईमानदारी और जवाबदारी से दूरी बनाना असंभव हो जाता है। एक पत्रकार की जवाबदारी समाज के लिए उतनी ही आवश्यक होती है जितनी परिवार के लिए क्यूंकि समाज का हर वर्ग हर शख्स पत्रकार पर आंख बंद कर उस तरह ही भरोसा करता है जितना एक परिवार का सदस्य करता है। पत्रकारिता मनुष्य को समाज के हर परिवेश हर घटनाक्रम से अवगत कराती है, यह इतनी व्यापक है कि जीवन का कोई भी पक्ष इससे अछूता नहीं है। यह समाज की विकृतियों का पर्दाफाश कर उन्हे नष्ट करने में हर वर्ग की मदद करती है। इसलिए पं. कमलापति त्रिपाठी ने लिखा है कि," ज्ञान और विज्ञान, दर्शन और साहित्य, कला और कारीगरी, राजनीति और अर्थनीति, समाजशास्त्र और इतिहास, संघर्ष तथा क्रांति, उत्थान और पतन, निर्माण और विनाश, प्रगति और दुर्गति के छोटे-बड़े प्रवाहों को प्रतिबिंबित करने में पत्रकारिता के समान दूसरा कौन सफल हो सकता है। View all posts by Gaurav Sharma →
Follow Us :GoogleNews