Hindi News

धरती के लिए रवाना हुए शुभांशु शुक्ला, पानी में कुछ यूं छपाक से उतरेगा अंतरिक्ष यान

Written by:Vijay Choudhary
Published:
धरती के लिए रवाना हुए शुभांशु शुक्ला, पानी में कुछ यूं छपाक से उतरेगा अंतरिक्ष यान

भारतीय अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला और उनके साथ एक्सिओम-4 मिशन के तीन अन्य अंतरिक्ष यात्री, इंटरनेशनल स्पेस स्टेशन (ISS) में 18 दिन बिताने के बाद अब धरती की ओर लौट रहे हैं। उनका स्पेसक्राफ्ट ड्रैगन सोमवार शाम 4:50 बजे (भारतीय समयानुसार) आईएसएस से अनडॉक हुआ और अब यह धरती की ओर बढ़ चुका है।

कैलिफोर्निया तट पर होगी लैंडिंग

नासा और एक्सिओम स्पेस के मुताबिक, स्पेसक्राफ्ट की 22 घंटे लंबी यात्रा के बाद यह मंगलवार (15 जुलाई 2025) को दोपहर करीब 3 बजे कैलिफोर्निया तट के पास समुद्र में स्पलेशडाउन करेगा। इस लैंडिंग की प्रक्रिया पूरी तरह ऑटोमैटिक होगी और किसी मैनुअल कंट्रोल की जरूरत नहीं होगी। स्पेसक्राफ्ट के वायुमंडल में दोबारा प्रवेश करते समय उसका तापमान 1,600 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। इस दौरान, दो चरणों में पैराशूट खुलेंगे- पहले स्टेबलाइजिंग चूट्स 5.7 किमी की ऊंचाई पर और फिर मुख्य पैराशूट 2 किमी की ऊंचाई पर खुलेंगे ताकि सुरक्षित लैंडिंग सुनिश्चित हो सके।

आईएसएस में हुआ भावुक विदाई समारोह

13 जुलाई को इंटरनेशनल स्पेस स्टेशन पर मौजूद एक्सपीडिशन-73 मिशन के अंतरिक्ष यात्रियों ने एक्सिओम-4 टीम के लिए एक विदाई समारोह आयोजित किया। इस दौरान शुभांशु शुक्ला ने भावुक होते हुए कहा, जल्दी ही धरती पर मुलाकात होगी, यह यात्रा जीवन भर याद रहेगी। उनकी इस यात्रा ने भारत को गर्व का अनुभव कराया है, खासकर इसलिए क्योंकि वह राकेश शर्मा के बाद अंतरिक्ष में जाने वाले दूसरे भारतीय नागरिक बने हैं।

लखनऊ में परिवार कर रहा बेसब्री से इंतजार

शुभांशु शुक्ला के परिवार वाले इस पल का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। लखनऊ स्थित उनके घर में खुशी का माहौल है। उनके पिता शंभू दयाल शुक्ला ने बेटे की इस कामयाबी पर कहा, यह सिर्फ हमारे परिवार की नहीं, पूरे भारत की उपलब्धि है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और जनता का आभार जताते हुए कहा कि शुभांशु की सफलता देश के युवाओं के लिए प्रेरणा बनेगी।

मध्य प्रदेश से जुड़ी विश्वसनीय और ताज़ा खबरें MP Breaking News in Hindi यहां आपको मिलती है MP News के साथ साथ लगातार अपडेट, राजनीति, अपराध, मौसम और स्थानीय घटनाओं की सटीक जानकारी। भरोसेमंद खबरों के लिए हमारे साथ जुड़े रहें और अपडेटेड रहें !