मध्य प्रदेश विधानसभा का शीतकालीन सत्र स्थगित, सर्वदलीय बैठक में फैसला

मध्य प्रदेश विधानसभा का शीतकालीन सत्र स्थगित, सर्वदलीय बैठक में फैसला

भोपाल, डेस्क रिपोर्ट| सोमवार से शुरू होने वाला मध्य प्रदेश विधानसभा का शीतकालीन सत्र स्थगित कर दिया गया है| सर्वदलीय बैठक में यह निर्णय लिया गया है| बैठक से पहले ही सत्र को लेकर असमंजस की स्थिति बनी हुई थी| जिस तरह लगातार विधायक व कर्मचारी कोरोना पॉजिटिव निकल कर आ रहे थे, इसको लेकर ऐसा माना जा रहा था कोरोना संक्रमण के चलते सत्र स्थगित किया जा सकता है| हालांकि कांग्रेस पहले से ही सरकार पर विपक्ष की आवाज दबाने और कोरोना के नाम पर चर्चा से बचने के आरोप लगा रही थी|

सर्वदलीय बैठक में हुई चर्चा पर गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने मीडिया को बताया कि सर्वदलीय बैठक में तय हुआ है कि कोरोना की वर्तमान स्थिति को देखते हुए सत्र को स्थगित करने का फैसला लिया गया है| गृहमंत्री ने कहा कि अब सीधे बजट सत्र होगा| बैठक के बाद नेता प्रतिपक्ष कमल नाथ ने कहा कि जो भी हो नियम का पालन किया जाए। सत्र चल सकता है तो चलाया जाए। हमने सुझाव दिया है कि समितियां बना ली जाएं। विधायकों के प्रश्नों के जवाब भी दिए जाएं। नए सदस्यों की शपथ अध्यक्ष के कक्ष में कराई जाए और हमारी आवाज दबाने का प्रयास न किया जाए। बैठक में कांग्रेस, भाजपा, बसपा, सपा के विधायक शामिल हुए|

शीतकालीन सत्र 28 दिसंबर से प्रस्तावित था और 30 दिसंबर तक चलना था। लेकिन सत्र से पहले कराई जा रही जांच में विधानसभा के 50 से अधिक कर्मचारी और 10 विधायक कोरोना पॉजिटिव आए थे। सुबह मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भी कोरोना की जांच कराई थी, उनकी रिपोर्ट निगेटिव आई है। कोरोना संक्रमण के चलते सर्वदलीय बैठक में सर्व सम्मति से सत्र को स्थगित करने का फैसला लिया गया है|

Gaurav Sharma
लेखक के बारे में
Gaurav Sharma

निदेशक और संपादक

पत्रकारिता पेशा नहीं ज़िम्मेदारी है और जब बात ज़िम्मेदारी की होती है तब ईमानदारी और जवाबदारी से दूरी बनाना असंभव हो जाता है। एक पत्रकार की जवाबदारी समाज के लिए उतनी ही आवश्यक होती है जितनी परिवार के लिए क्यूंकि समाज का हर वर्ग हर शख्स पत्रकार पर आंख बंद कर उस तरह ही भरोसा करता है जितना एक परिवार का सदस्य करता है। पत्रकारिता मनुष्य को समाज के हर परिवेश हर घटनाक्रम से अवगत कराती है, यह इतनी व्यापक है कि जीवन का कोई भी पक्ष इससे अछूता नहीं है। यह समाज की विकृतियों का पर्दाफाश कर उन्हे नष्ट करने में हर वर्ग की मदद करती है। इसलिए पं. कमलापति त्रिपाठी ने लिखा है कि," ज्ञान और विज्ञान, दर्शन और साहित्य, कला और कारीगरी, राजनीति और अर्थनीति, समाजशास्त्र और इतिहास, संघर्ष तथा क्रांति, उत्थान और पतन, निर्माण और विनाश, प्रगति और दुर्गति के छोटे-बड़े प्रवाहों को प्रतिबिंबित करने में पत्रकारिता के समान दूसरा कौन सफल हो सकता है। View all posts by Gaurav Sharma →
Follow Us :GoogleNews