Hindi News

एलन मस्क ने अपनी कंपनियों SpaceX और xAI का विलय कर रचा इतिहास, नेटवर्थ 852 अरब डॉलर के पार पहुंची

Written by:Rishabh Namdev
Published:
टेस्ला और स्पेसएक्स के मालिक एलन मस्क ने अपनी दो कंपनियों, स्पेसएक्स और एक्सएआई (xAI), का विलय करने की घोषणा की है। इस रणनीतिक कदम के बाद उनकी कुल संपत्ति में लगभग 84 अरब डॉलर की भारी बढ़ोतरी हुई, जिससे वे 852 अरब डॉलर की नेटवर्थ के साथ दुनिया के सबसे अमीर व्यक्ति बन गए हैं।
एलन मस्क ने अपनी कंपनियों SpaceX और xAI का विलय कर रचा इतिहास, नेटवर्थ 852 अरब डॉलर के पार पहुंची

टेस्ला के सीईओ एलन मस्क ने एक बार फिर इतिहास रचते हुए दुनिया के सबसे अमीर व्यक्ति का खिताब अपने नाम कर लिया है। मंगलवार को उनकी एयरोस्पेस कंपनी स्पेसएक्स (SpaceX) और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस स्टार्टअप एक्सएआई (xAI) के विलय की घोषणा के बाद उनकी संपत्ति में अभूतपूर्व उछाल देखने को मिला।

इस विलय के चलते मस्क की कुल नेटवर्थ 852 अरब डॉलर (करीब 7.71 लाख करोड़ रुपये) के पार पहुंच गई है। फोर्ब्स की रिपोर्ट के अनुसार, इस सौदे से मस्क की दौलत में एक ही दिन में लगभग 84 अरब डॉलर का इजाफा हुआ, जो किसी भी व्यक्ति की संपत्ति में अब तक की सबसे बड़ी छलांग में से एक है।

कैसे हुआ संपत्ति में इतना बड़ा इजाफा?

यह विशाल वृद्धि दोनों कंपनियों के विलय से बनी नई इकाई के मूल्यांकन के कारण हुई है। विलय के बाद, संयुक्त कंपनी का मूल्य 1.25 ट्रिलियन डॉलर आंका गया है। सौदे से पहले, मस्क के पास स्पेसएक्स में लगभग 42% हिस्सेदारी थी और xAI में उनकी लगभग 49% हिस्सेदारी थी।

फोर्ब्स के अनुमानों के मुताबिक, विलय के बाद बनी नई कंपनी में मस्क की हिस्सेदारी अब 43% है, जिसकी कीमत लगभग 542 अरब डॉलर है। इस डील ने उनकी व्यक्तिगत संपत्ति को एक नए शिखर पर पहुंचा दिया है।

क्यों किया गया दोनों कंपनियों का विलय?

स्पेसएक्स और xAI का विलय केवल एक वित्तीय कदम नहीं है, बल्कि इसके पीछे एक बड़ा रणनीतिक लक्ष्य भी है। इस मर्जर का मुख्य उद्देश्य अंतरिक्ष में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की कंप्यूटिंग क्षमता को बढ़ाना है। योजना के तहत, बड़ी संख्या में सैटेलाइट्स को अंतरिक्ष में भेजा जाएगा, जो वहां एक विशाल डेटा सेंटर के रूप में काम करेंगे।

यह एक साल से भी कम समय में दूसरी बार है जब मस्क ने अपनी दो कंपनियों का आपस में विलय किया है। इससे पहले पिछले साल मार्च में, मस्क ने अपने एआई स्टार्टअप xAI का सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पूर्व में ट्विटर) के साथ विलय कर दिया था।