भारतीयों के लिए आधार कार्ड एक महत्वपूर्ण दस्तावेजों में से एक है। भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (UIDAI) द्वारा यह जारी किया जाता है। यह 12 अंकों का नंबर एक मल्टीफंक्शनल डॉक्यूमेंट है, जिसमें आपका एड्रेस, जन्म तिथि और अन्य डिटेल रहती है। ये पहचान के प्रमाण के रूप में काम करता है, इससे यह अलग-अलग सरकारी और गैर-सरकारी सेवाओं का लाभ उठा सकते हैं।
इसका उपयोग पैन डिटेल अपडेट करने या जीएसटी रिटर्न दाखिल करने जैसे कार्यों में भी किया जाता है। हाल ही में भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (UIDAI) ने आधार कार्ड से संबंधित सुविधाओं के लिए नया आधार ऐप (फुल वर्जन ऐप) लॉन्च किया है। नया Aadhaar App पुराने mAadhaar ऐप का एक एडवांस और सुरक्षित वर्जन है। इसका मुख्य उद्देश्य फिजिकल आधार कार्ड और उसकी फोटोकॉपी की जरूरत को खत्म करना है। खास बात ये है कि नए ऐप में रजिस्ट्रेशन का तरीका पहले जैसा ही रखा गया है।
नए एप की विशेषताएं
- मोबाइल नंबर बदलवाने के लिए आधार केंद्र जाने की जरूरत नहीं है। आप सीधे ऐप से मोबाइल नंबर और पता (Address) अपडेट कर सकते हैं। इसके लिए एक निश्चित शुल्क निर्धारित किया गया है।
- एक ही मोबाइल ऐप में आप परिवार के 5 सदस्यों तक के आधार प्रोफाइल जोड़ सकते हैं।
- अब बिना इंटरनेट के भी आधार वेरिफिकेशन संभव है। ऐप एक सुरक्षित QR कोड जेनरेट करता है जिसे स्कैन करके आपकी पहचान सत्यापित की जा सकती है।
- लॉगिन और वेरिफिकेशन के लिए अब फिंगरप्रिंट के साथ-साथ चेहरे की पहचान (Face ID) का भी इस्तेमाल किया जा सकता है।
- आप एक क्लिक में अपने बायोमेट्रिक्स को लॉक कर सकते हैं ताकि कोई आपका गलत इस्तेमाल न कर सके, और जरूरत पड़ने पर तुरंत अनलॉक भी कर सकते हैं।
- नए एप में होम पेज पर QR कोड के ठीक नीचे Biometrics Unlocked के रूप में दिखता है। इस पर क्लिक करके आप एक टैप में अपना फिंगरप्रिंट और आईरिस डेटा लॉक कर सकते हैं, जिससे क्लोनिंग या धोखाधड़ी का खतरा खत्म हो जाता है।
- आपका आधार कब और कहाँ इस्तेमाल किया गया है।आप अपना एक डिजिटल कॉन्टैक्ट कार्ड बना सकते हैं जिसे स्कैन करते ही आपकी जानकारी साझा हो जाएगी।
नए आधार एप में मोबाइल नंबर कैसे अपडेट करें?
- नए एप में मोबाइल नंबर अपडेट करने का ऑप्शन सर्विस टैब में शिफ्ट हो गया है। यहां आप नया नंबर दर्ज कर ओटीपी वेरिफिकेशन और फेस ऑथेंटिकेशन के बाद अपडेट रिक्वेस्ट भेज सकते है। इस प्रक्रिया में करीब 15 दिन का समय लगता है और 75 रुपये शुल्क लिया जाता है।
- यदि आपके पास वह मोबाइल नंबर नहीं है जो आपके आधार कार्ड से लिंक है तो आप नया फोन नंबर अपडेट नहीं कर सकते। यदि आपके पास वह नंबर है तो आप नया नंबर आधार में अपडेट कर सकते हैं, वरना आपको किसी आधार सेंटर पर ही जाना होगा।
नए आधार एप में पता कैसे अपडेट करें?
- नए ऐप में पता भी दो तरीकों से अपडेट कर सकते है। पहला, बिजली बिल या अन्य वैध डॉक्युमेंट्स के जरिए और दूसरा, परिवार के किसी सदस्य के आधार कार्ड के जरिए। दोनों ही मामलों में फेस ऑथेंटिकेशन और पेमेंट के बाद रिक्वेस्ट यूआईडीएआई को भेज दी जाती है।
- इसके लिए वैध एड्रेस प्रूफ डॉक्यूमेंट अपलोड करना होगा, जानकारी वेरिफाई करनी होगी और इन-एप पेमेंट के जरिए रिक्वेस्ट पूरी करनी होगी।
- अगर कोई यूजर परिवार के सदस्य के आधार कार्ड के जरिए अपना पता अपडेट करना चाहता है, तो उसे आधार नंबर के बाद फेस ऑथेंटिकेशन और पेमेंट करने पर एड्रेस अपडेट की प्रक्रिया पूरी हो जाएगी।
नए ऐप को कैसे सेटअप करें?
- सबसे पहले Play Store (Android) या App Store (iOS) से Aadhaar ऐप डाउनलोड करें।
- ध्यान रखें कि ऐप का डेवलपर UIDAI ही लिखा होना चाहिए।
- ऐप ओपन कर अपनी पसंद की भाषा चुनें और Terms & Conditions को एक्सेप्ट कर दें।
- अब मेन डैशबोर्ड पर दिख रहे ‘Register Aadhaar’ टैब पर टैप करें।
- प्रोसेस शुरू होने के बाद अपना 12 अंकों का आधार नंबर डालें।
- आधार से लिंक मोबाइल नंबर डालें । एक OTP आएगा, जिससे आपका डिवाइस वेरिफाई होगा।
- फेस ऑथेंटिकेशन करने के लिए फोन को ऐसे पकड़ें कि फ्रंट कैमरा आपका चेहरा ठीक से कैप्चर कर सके और दो बार पलक झपकानी होगी।
- आखिर में आपको 6 अंकों का PIN बनाना होगा,इसे कहीं नोट करके रख लें, क्योंकि आगे ऐप खोलने के लिए यही PIN काम आएगा।





